दरभंगा विश्वकर्मा पूजा: केवटी के हनुमाननगर गांव में विश्वकर्मा पूजा को लेकर उत्सवी माहौल है. गांधी चौक पर श्री श्री 108 सार्वजनिक विश्वकर्मा पूजा समिति की ओर से भव्य पंडाल में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है. पूजा के साथ यहां मेला भी लगाया गया है, जिसमें झूले, विभिन्न तरह की दुकानें और सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.
125 कन्याओं ने निकाली कलश शोभायात्रा
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर सुबह 125 कन्याओं ने कलश शोभायात्रा निकाली. शोभायात्रा पूजा पंडाल से शुरू होकर हनुमाननगर, अंदामा और राधा-कृष्ण मंदिर होते हुए निर्धारित स्थल तक पहुंची, जहां कलश में जल ग्रहण किया गया. इसके बाद श्रद्धालु वापस पूजा पंडाल पहुंचे.
पंडित पराऊ झा के नेतृत्व में वैदिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना और कलश पूजन कराया गया. मुख्य यजमान की भूमिका जगरनाथ झा ने निभायी. कलश शोभायात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भगवान विश्वकर्मा के जयघोष से गूंजता रहा.
मेला में झूले और सांस्कृतिक कार्यक्रम
पूजा समिति की ओर से आयोजित मेले में बच्चों और परिवारों के लिए विभिन्न तरह के झूले लगाये गये हैं. इसके अलावा खान-पान समेत कई तरह की दुकानें भी सजायी गयी हैं. सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूजा स्थल पर लोगों की भीड़ जुट रही है.
पूजा और मेला को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है. आयोजन के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूजा समिति के सदस्य और स्वयंसेवक भी सक्रिय हैं.
15 वर्षों से हो रहा आयोजन
श्री श्री 108 सार्वजनिक विश्वकर्मा पूजा समिति गांधी चौक हनुमाननगर के अध्यक्ष शंकर यादव ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से यहां भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर धूमधाम से पूजा का आयोजन किया जा रहा है. ग्रामीणों के सहयोग से पूजा-अर्चना, कलश शोभायात्रा और मेले का आयोजन किया जाता है.
उन्होंने बताया कि आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पूजा समिति के सदस्य श्याम यादव, अमलेश यादव, राजीव यादव और सिपाही यादव समेत दर्जनों स्वयंसेवक सहयोग कर रहे हैं.
यह भी पढे़ं:
दरभंगा के इस ब्लॉक के स्कूल की व्यवस्था पर ग्रामीणों ने उठाये सवाल, DEO से जांच की मांग
