Darbhanga Accident News: दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र में एसएच-75 पर बुधवार की दोपहर बाद हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. पिंडारूछ स्थित मीनाक्षी ढाबा के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
घटना की सूचना मिलते ही कमतौल पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी चार घायलों को तत्काल इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद रमौल गांव निवासी मो. अमिस के 25 वर्षीय पुत्र मो. अरमान को मृत घोषित कर दिया.
तीन घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल एक युवक रमौल गांव का रहने वाला है, जबकि दो अन्य घायल मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र के बलहा गांव के बताए गए हैं. तीनों का डीएमसीएच में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस ने दोनों बाइक की जब्त
दुर्घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. वहीं हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
इलाके में शोक का माहौल
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर चिंता जताते हुए यातायात नियमों के पालन की जरूरत बताई.
