केवटी में कपड़ा व्यवसायी के घर 13.5 लाख की चोरी, पुलिस स्थानीय गिरोह की तलाश में

केवटी थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यवसायी अशोक कुमार साहू के घर देर रात चोरी की बड़ी वारदात हुई. बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और लाखों के जेवरात व नकदी लूट ले गए. इलाके में दहशत का माहौल है.

Darbhanga News: केवटी थाना क्षेत्र के छतवन बाजार स्थित गांधी चौक के पास कपड़ा व्यवसायी अशोक कुमार साहू के घर गुरुवार की देर रात बड़ी चोरी की वारदात हुई. बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और आलमारी तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात तथा एक मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

Keoti News: छत के रास्ते घर में घुसे चोर

पीड़ित अशोक कुमार साहू ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात करीब 11 बजे भोजन करने के बाद सो गए थे. शुक्रवार सुबह मोबाइल नहीं मिलने पर खोजबीन शुरू हुई तो कमरे में सामान बिखरा मिला. जांच करने पर आलमारी टूटी हुई मिली और नकद रुपये, जेवरात तथा अन्य सामान गायब थे. पीड़ित ने आशंका जताई कि चोरों ने किसी रासायनिक पदार्थ का उपयोग कर परिवार को बेहोश कर दिया होगा.

एक सप्ताह से लगातार हो रही चोरी

स्थानीय लोगों ने बताया कि छतवन बाजार और आसपास के इलाकों में पिछले एक सप्ताह के दौरान लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं. हाल के दिनों में मो. शदरूल, मो. बदरूल, मो. राजिक, नासरा प्रवीण और मो. उमर फारूक के घर भी चोरी की वारदात हुई है. 14 जुलाई की एक घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें संदिग्ध चोर दिखाई दिया था.

पुलिस को स्थानीय गिरोह पर शक

पीड़ित का दावा है कि घटना में शामिल चोर बाहरी नहीं बल्कि स्थानीय हैं. उन्होंने कुछ संदिग्ध लोगों की जानकारी भी पुलिस को दी है. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

पुलिस ने शुरू की जांच

थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >