सीएम कॉलेज में नई शिक्षा नीति की बड़ी शुरुआत, चार वर्षीय बीए-बीएड पाठ्यक्रम का शुभारंभ

सीएम कॉलेज में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के अनुरूप चार वर्षीय बीए-बीएड एवं बीकॉम-बीएड (आईटीईपी) पाठ्यक्रम के प्रथम बैच का दीक्षारंभ हुआ. इस अवसर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षक निर्माण और नए पाठ्यक्रम से मिलने वाले बेहतर रोज़गार के अवसरों पर प्रकाश डाला गया.

Darbhanga News: सीएम कॉलेज में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के अनुरूप इस वर्ष शुरू हुए चार वर्षीय बीए-बीएड एवं बीकॉम-बीएड (आईटीईपी) पाठ्यक्रम के प्रथम बैच का गुरुवार को दीक्षारंभ एवं परिचयात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षक शिक्षा की नई व्यवस्था और पाठ्यक्रम की विशेषताओं से अवगत कराया गया.

गुणवत्तापूर्ण शिक्षक निर्माण पर दिया जोर

प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान का संचारक नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माता भी होता है. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षित शिक्षक ही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नेतृत्व, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुण विकसित करने का आह्वान किया.

एनईपी-2020 की उपयोगिता पर हुई चर्चा

शिक्षा विभाग के डॉ. एमआर बेग ने नए पाठ्यक्रम की उपयोगिता और भविष्य की शिक्षा व्यवस्था में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला. पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ. अबसार आलम ने विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से परिचित कराया, जबकि डॉ. अमरिंदर कुमार ने शिक्षक प्रशिक्षण की आवश्यकता और उसके महत्व पर विस्तार से चर्चा की.

बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे

प्रधानाचार्य ने कहा कि चार वर्षीय एकीकृत शिक्षक शिक्षा पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्नातक डिग्री के साथ मानक शिक्षक प्रमाण-पत्र भी मिलेगा. इससे शिक्षा क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे और नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को भी मजबूती मिलेगी.

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में छात्रा से छेड़खानी के बाद भारी हंगामा, आरोपितों के घर पहुंचे आक्रोशित परिजन


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pravin kumar chou

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >