दरभंगा: स्पाइसजेट की फ्लाइट साढ़े तीन घंटे लेट, भीषण गर्मी में एयरपोर्ट पर परेशान रहे यात्री

मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट सोमवार को निर्धारित समय से करीब साढ़े तीन घंटे देरी से पहुंची. भीषण गर्मी में यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा. देरी का असर वापसी उड़ान पर भी पड़ा, जिससे यात्रियों में नाराजगी देखी गई. पढ़ें पूरी खबर…

दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

Darbhanga News: स्पाइसजेट की लचर सेवा एक बार फिर यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी. सोमवार को मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंची, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. भीषण गर्मी और उमस के बीच एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे यात्रियों में एयरलाइन की व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई.

सुबह 10:15 बजे के बजाय दोपहर डेढ़ बजे पहुंचा विमान

जानकारी के अनुसार मुंबई-दरभंगा स्पाइसजेट विमान को सुबह 10:15 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचना था, लेकिन फ्लाइट दोपहर करीब 1:30 बजे पहुंची. विमान के घंटों विलंब होने के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ लगी रही. बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रहे लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी.

वापसी उड़ान भी हुई प्रभावित

विमान के देर से पहुंचने का असर वापसी सेवा पर भी पड़ा. दरभंगा से मुंबई जाने वाली फ्लाइट को सुबह 10:50 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन विमान दोपहर बाद करीब 2:20 बजे यात्रियों को लेकर रवाना हुआ. लंबे इंतजार के कारण यात्रियों में नाराजगी साफ दिखाई दी.

यात्रियों ने जताई नाराजगी

कई यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन पर अव्यवस्था और लगातार खराब सेवा देने का आरोप लगाया. यात्रियों का कहना है कि स्पाइसजेट की उड़ानों में लगातार देरी आम बात हो गई है, लेकिन कंपनी की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जाती. गर्मी के बीच घंटों इंतजार करना लोगों के लिए बेहद मुश्किल साबित हुआ.

पांच महानगरों के लिए हुई 18 उड़ानों की आवाजाही

सोमवार को दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता समेत पांच महानगरों के लिए कुल 18 विमानों की आवाजाही हुई. हालांकि स्पाइसजेट की देरी वाली उड़ान दिनभर चर्चा का विषय बनी रही. अन्य विमानन कंपनियों की उड़ानें लगभग निर्धारित समय पर संचालित हुईं.

समय पालन और बेहतर सुविधाओं की मांग

लगातार उड़ानों में हो रही देरी को लेकर यात्रियों ने विमानन कंपनियों से समय पालन सुनिश्चित करने और एयरपोर्ट पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >