गैस एजेंसी में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, मची अफरातफरी

दरभंगा के सिंहवाड़ा में एक भारत गैस एजेंसी के कार्यालय में मंगलवार की सुबह भीषण आग लग गई. शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग में लाखों रुपये के सामान जलकर राख हो गए. गनीमत रही कि आग को गैस सिलेंडर से भरे गोदाम तक पहुंचने से पहले ही बुझा लिया गया, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया.

दरभंगा: सिंहवाड़ा नगर पंचायत भरवाड़ा स्थित गैस एजेंसी के कार्यालय में मंगलवार की अहले सुबह आग लगने से अफरातफरी मच गयी. कार्यालय के बगल में स्थित गैस सिलेंडर से भरे गोदाम तक आग पहुंचने की आशंका से ग्रामीण भयभीत हो गये. आग की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गये. सिंहवाड़ा थाना की पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और आग को गैस सिलेंडर के गोदाम तक पहुंचने से रोक लिया गया. इससे बड़ा हादसा होने से बच गया.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

बताया गया कि भरवाड़ा-भगवतीपुर सड़क किनारे स्थित असजद रजा भारत गैस एजेंसी ग्रामीण वितरक के कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से आग लगी. इस घटना में दो लैपटॉप, डेस्कटॉप, AC, इन्वर्टर, बैट्री, फर्नीचर, कागजात और 200 से अधिक रेगुलेटर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गये.

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. कार्यालय से मात्र करीब 20 फीट की दूरी पर गैस सिलेंडर का गोदाम था. समय रहते आग पर काबू पा लिये जाने से गोदाम सुरक्षित बच गया.

गैस लेने पहुंचे वितरक ने देखा धुआं

गैस एजेंसी संचालक अब्दुल सुभान खान ने बताया कि मंगलवार सुबह गैस वितरक गोपाल झा गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचे थे. उन्हें कमरे से कुछ जलने की गंध महसूस हुई. इसके साथ ही कार्यालय से धुआं उठता देखकर वे घबरा गये और तुरंत मोबाइल फोन से इसकी सूचना दी.

इसके बाद कार्यालय खोलकर देखा गया तो अंदर रखे सामान में आग लगी हुई थी. आग की जानकारी मिलते ही वहां अफरातफरी मच गयी. आनन-फानन में कार्यालय में रखा फायर एक्सटिंग्विशर निकालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया.

चार लाख से अधिक के सामान का नुकसान

घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और सिंहवाड़ा थाना को दी गयी. संचालक के अनुसार, आग इन्वर्टर और बिजली के प्लग से लगी. उन्होंने बताया कि अग्निकांड में चार लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया.

सीओ अंकुर राय ने बताया कि अग्निकांड के संबंध में जानकारी ली जा रही है.

यह भी पढ़ें

आय से अधिक संपत्ति मामले में बहादुरपुर बीडीओ के पांच ठिकानों पर EOU की छापेमारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >