Benipur News: बेनीपुर के बहेड़ा थाना क्षेत्र के बलनी गांव में सोमवार को जीवछ नदी में नहाने के दौरान डूबने से सात वर्षीय बच्ची मनतोरनी कुमारी की मौत हो गयी. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. बच्ची काफी समय से अपने ननिहाल बलनी में रह रही थी.
नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गयी बच्ची
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के सोनहद निवासी शिवकुमार पासवान की पुत्री थी. सोमवार को वह बलनी गांव स्थित जीवछ नदी में नहाने गयी थी.
मृतका के मामा शंभू पासवान ने बताया कि नहाने के दौरान घाट की सीढ़ी पर अचानक उसका पैर फिसल गया. इसके बाद वह गहरे पानी में चली गयी.
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, लेकिन नहीं बच सकी जान
बच्ची के नदी में डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया. आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची को नदी से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत की.
ग्रामीणों ने बच्ची को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया.
सात वर्षीय बच्ची की मौत की खबर मिलते ही बलनी और सोनहद गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें
Madhubani News: रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क जर्जर, अतिक्रमण से बढ़ी यात्रियों की परेशानी
