Darbhanga Weather: दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान क्षेत्र में रविवार रात से शुरू हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया. सोमवार सुबह तक हुई हल्की बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली. कई दिनों से तेज धूप और गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली. वहीं, इस बारिश ने किसानों के चेहरे भी खिला दिए हैं, क्योंकि अब धान की रोपनी का काम रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है.
बारिश से सुहावना हुआ मौसम
रविवार रात से शुरू हुई बारिश के बाद सोमवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे. हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम पहले की तुलना में काफी सुहावना हो गया. सुबह के समय लोगों ने ठंडक महसूस की, जिससे जनजीवन भी सामान्य होता नजर आया.
किसानों के लिए राहत लेकर आई बारिश
लगातार बारिश नहीं होने से किसान धान की रोपनी शुरू नहीं कर पा रहे थे. कई खेतों में पर्याप्त पानी नहीं होने के कारण बिचड़ा लगाने का काम रुका हुआ था. ऐसे में इस बारिश ने किसानों को बड़ी राहत दी है.
अब तेज होगी धान रोपनी
स्थानीय किसान उपेंद्र मुखिया, नथुनी चौपाल, रामप्रवेश यादव, श्याम यादव और रामवृक्ष मुखिया ने बताया कि अब तक बहुत कम किसानों ने पंपसेट की मदद से धान की रोपनी शुरू की थी. बारिश होने के बाद खेतों में नमी और पानी बढ़ा है, जिससे अब बड़े स्तर पर रोपनी शुरू की जाएगी.
खरीफ फसलों के लिए भी अनुकूल मौसम
किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश होती रही तो धान सहित अन्य खरीफ फसलों को भी काफी लाभ मिलेगा. इससे खेती की लागत कम होगी और बेहतर उत्पादन की उम्मीद भी बढ़ेगी.
