Darbhanga Ration Card: जन वितरण प्रणाली (PDS) के तहत अपात्र लोगों द्वारा राशन का लाभ लेने की शिकायतों के बाद दरभंगा जिला प्रशासन ने राशन कार्ड शुद्धता अभियान तेज कर दिया है. अभियान के तहत अब तक 16,646 अंत्योदय और प्राथमिकता परिवार (PHH) राशन कार्ड रद्द किए जा चुके हैं. जिला आपूर्ति विभाग का कहना है कि जांच अभियान अभी जारी रहेगा और अपात्र लाभुकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई होगी.
डीएम के जनता दरबार में पहुंची थीं शिकायतें
जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) सुरेश कुमार ने बताया कि डीएम के जनता दरबार में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई लोग एक ही परिवार में कई राशन कार्ड बनवाकर सरकारी अनाज का लाभ ले रहे हैं. वहीं, कुछ लोग वन नेशन-वन राशन कार्ड व्यवस्था का भी गलत इस्तेमाल कर रहे थे. इसके बाद पीडीएस डीलरों, विकास मित्रों और विभागीय टीमों की मदद से बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान शुरू किया गया.
कितने राशन कार्ड हुए रद्द?
विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक कुल 16,646 राशन कार्ड रद्द किए गए हैं. इनमें-
- 10,841 राशन कार्ड स्थायी रूप से रद्द किए गए हैं.
- 5,805 राशन कार्ड अस्थायी रूप से रद्द किए गए हैं, जिनकी जांच अभी जारी है.
जांच पूरी होने के बाद इन कार्डों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
अपात्र लोगों से स्वेच्छा से कार्ड सरेंडर करने की अपील
डीएसओ सुरेश कुमार ने बताया कि जांच के दौरान कई ऐसे लोग भी राशन कार्डधारी मिले हैं, जो आर्थिक रूप से संपन्न हैं और सरकारी योजना के पात्र नहीं हैं. ऐसे लोगों से अपील की गई है कि वे स्वयं अपना राशन कार्ड निरस्त करा दें. यदि जांच में अपात्र पाए गए तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि राशन कार्डों की जांच लगातार जारी रहेगी. अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी खाद्यान्न का लाभ केवल वास्तविक और पात्र जरूरतमंद परिवारों तक ही पहुंचे.
यह भी पढे़ं: LNMU में PAT-2024 पर लगी रोक, अब UGC-NET, CSIR-NET और GATE के आधार पर होगा पीएचडी एडमिशन
