Darbhanga News: दरभंगा जिले के फेकला थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
तीन वर्ष पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान फेकला थाना क्षेत्र के बरुआरा निवासी राकेश मुखिया की 22 वर्षीय पत्नी खुशबू देवी के रूप में हुई है. मायके पक्ष के अनुसार खुशबू की शादी करीब तीन वर्ष पहले फेकला थाना क्षेत्र के छपरार निवासी राकेश मुखिया से हुई थी. दंपती की दो वर्ष की एक पुत्री है और खुशबू गर्भवती भी थी.
दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका की मां लखी देवी और छोटे भाई रुपेश सहनी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति, ससुर, देवर और ननद मोटरसाइकिल एवं नकद रुपये की मांग कर रहे थे. मांग पूरी नहीं होने पर खुशबू को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. इसकी जानकारी वह समय-समय पर अपने मायके वालों को देती थी.
मृतका की मां ने बताया कि बुधवार सुबह गांव की एक रिश्तेदार ने फोन कर बेटी की मौत की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर खुशबू का शव कमरे में पलंग पर पड़ा मिला. उनका आरोप है कि घटना की जानकारी लेने के लिए दामाद को फोन किया गया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
यह भी पढ़ें: सुपौल कोठीपुल चौक पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, फुटपाथ दुकानदारों से अवैध वसूली का आरोप
आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
फेकला थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा. पुलिस ने बताया कि परिजनों से प्राप्त आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद मृतका के मायके में शोक और आक्रोश का माहौल है. परिजनों ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है. परिजनों के अनुसार मृतका का पति पश्चिम बंगाल में सफाई टैंकर वाहन चलाने का काम करता है.
