दरभंगा: जिले के विभिन्न प्रखंडों के पीएम किसान सम्मान निधि योजना के पात्र लाभार्थियों को अब किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का लाभ आसान प्रक्रिया के तहत उपलब्ध कराया जाएगा. राज्य सरकार और कृषि विभाग ने इस दिशा में पहल शुरू कर दी है. केसीसी के माध्यम से किसानों को खेती-किसानी के लिए तीन लाख रुपये तक का कृषि ऋण चार प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध हो सकेगा.
जिले में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के कुल 1 लाख 87 हजार 700 लाभार्थी हैं. इनमें 48 हजार लाभार्थियों की फार्मर आइडी तैयार हो चुकी है. अब फार्मर आइडी तैयार हो चुके इन लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा.
ऑनलाइन और ऑफलाइन कर सकते हैं आवेदन
किसान क्रेडिट कार्ड ऋण के लिए किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर केसीसी फॉर्म डाउनलोड करना होगा. वहीं, ऑफलाइन आवेदन के लिए किसान अपने नजदीकी एसबीआइ, पीएनबी, ग्रामीण बैंक, सीएससी सेंटर या कृषि कार्यालय से केसीसी का फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं.
आवेदन के साथ ये दस्तावेज जरूरी
केसीसी के लिए आवेदन करते समय आधार कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि का लाभार्थी आइडी, जमीन की रसीद, खतियान, एलपीसी, बैंक पासबुक की छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटो लगाना अनिवार्य है.
फॉर्म भरने के बाद सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित बैंक शाखा में आवेदन जमा करना होगा. बैंक स्तर से सत्यापन के बाद 15 दिनों के अंदर किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
किसानों को आवेदन में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) अथवा कृषि समन्वयक से संपर्क करने की सलाह दी गई है.
48 हजार लाभार्थियों से आवेदन कराने का निर्देश
जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभुकों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने पहल शुरू कर दी है. जिले के विभिन्न प्रखंडों में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 48 हजार लाभार्थियों की फार्मर आइडी तैयार हो चुकी है. इन लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा.
इसके लिए सभी प्रखंडों के बीएओ को संबंधित कृषि समन्वयकों के माध्यम से लाभुकों से एलपीसी प्राप्त कर आवेदन कराने का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें
Jale में महाकवि विद्यापति की प्रतिमा का सिर तोड़ा, ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
