दरभंगा पोषण माह: जिले में 8 अक्टूबर तक पोषण माह का आयोजन किया जाएगा. बिहार राज्य मध्याह्न भोजन योजना समिति, दरभंगा की ओर से जारी पत्र के बाद विद्यालयों में पोषण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने का निर्देश दिया गया है. इस बार पोषण माह का मुख्य विषय ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखा गया है. अभियान का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और समुदाय के अन्य सदस्यों के पोषण स्तर में सुधार लाना है.
स्कूलों में लगेगा पोषण मेला
पोषण माह के दौरान विद्यालय स्तर पर पोषण मेला और रेसिपी प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी. इसमें बच्चों और अभिभावकों को पोषण से जुड़ी जरूरी जानकारी दी जाएगी.
जंक फूड और डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों के दुष्प्रभाव को लेकर जागरूकता सत्र भी होंगे. बच्चों के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी स्थानीय व्यंजनों की प्रदर्शनी के साथ स्वस्थ खान-पान को बढ़ावा देने के लिए कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्देश दिया गया है.
पोषण संदेश के साथ निकलेगी रैली
विद्यालयों में पोषण संदेश के साथ पोषण रैली भी निकाली जाएगी. इसके जरिए बच्चों के साथ अभिभावकों और स्थानीय समुदाय को संतुलित और पौष्टिक भोजन के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा.
अभियान के दौरान स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों और अलग-अलग खाद्य समूहों की जानकारी देने पर भी जोर रहेगा. बच्चों को भोजन में विविधता और स्वस्थ खान-पान की आदतों के बारे में समझाया जाएगा.
मिड डे मील को लेकर भी चलेगा अभियान
विद्यालयों में गर्म और ताजा पका हुआ मध्याह्न भोजन तथा साप्ताहिक मेनू को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. स्कूलों में मेनू को स्पष्ट अक्षरों में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है.
बच्चों और अभिभावकों को रोजाना मिलने वाले व्यंजनों की जानकारी देने के साथ विभिन्न खाद्य समूहों और उनमें मौजूद विविधता से परिचित कराया जाएगा. इससे बच्चों में पौष्टिक भोजन को लेकर समझ विकसित करने का प्रयास होगा.
विशेष भोजन के साथ आंगनबाड़ी बच्चों का स्कूल भ्रमण
तिथि भोजन के तहत स्थानीय समुदाय के सहयोग से विद्यालयों में जन्मदिन, वर्षगांठ या अन्य अवसरों पर विशेष भोजन का आयोजन किया जाएगा.
प्रारंभिक बाल्यावस्था एवं शिक्षा दिवस के अवसर पर आसपास के आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को विद्यालय का भ्रमण कराया जाएगा. बच्चों के लिए नाटक, गायन, चित्रांकन, अभिनय, ताल-लय और कविता जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जा सकती हैं.
सोशल मीडिया पर साझा होंगी सफलता की कहानियां
सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों के अच्छे कार्यों और सफलता की कहानियों को सोशल मीडिया तथा अन्य संचार माध्यमों के जरिए प्रचारित करने का निर्देश दिया गया है.
सभी गतिविधियों की फोटो और वीडियो सुरक्षित रखने को कहा गया है. संबंधित गतिविधियों को पोषण अभियान के जन आंदोलन डैशबोर्ड पर भी अपलोड किया जाएगा. इस पूरी पहल के जरिए स्कूलों और समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा.
यह भी पढे़ं:
कल पुलिस टीम पर हमला, आज 10 आरोपितों की गिरफ्तारी, शराब तस्कर को पकड़ने गयी थी टीम
