Muzaffarpur News: 15 जून से शुरू होगी BRABU पीजी परीक्षा, छह कॉलेजों के एडमिट कार्ड पर रोक

Muzaffarpur News: बीआरएबीयू में पीजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 15 जून से शुरू होगी. 28 संस्थानों के छात्रों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं, जबकि शुल्क और रिकॉर्ड जमा नहीं करने वाले छह विभागों व कॉलेजों के प्रवेश पत्र फिलहाल रोक दिए गए हैं. पढ़ें पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में पीजी सत्र 2025-27 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 15 जून से शुरू होने जा रही है. परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अधिकांश तैयारियां पूरी कर ली हैं और छात्रों के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं. हालांकि छह विभागों और कॉलेजों के छात्रों के लिए अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं है, क्योंकि संबंधित संस्थानों द्वारा परीक्षा शुल्क का पूरा ब्योरा जमा नहीं करने के कारण उनके प्रवेश पत्र फिलहाल रोक दिए गए हैं.

28 संस्थानों के छात्रों को मिला एडमिट कार्ड

परीक्षा नियंत्रक प्रो. राम कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध 34 विभागों और कॉलेजों में से केवल 28 संस्थानों ने समय पर छात्रों की सूची और परीक्षा शुल्क का रिकॉर्ड जमा किया. इन संस्थानों के छात्रों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं. छात्र शुक्रवार से अपने संबंधित कॉलेज या पीजी विभाग से प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं.

छह संस्थानों पर अटकी प्रक्रिया

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार जिन छह विभागों और कॉलेजों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर शुल्क और रिकॉर्ड जमा नहीं किया, उनके छात्रों के एडमिट कार्ड रोक दिए गए हैं. इससे उन छात्रों के बीच चिंता बढ़ गई है, जिनकी परीक्षा अब कुछ ही दिनों में शुरू होने वाली है.

आरटीजीएस की कॉपी जमा करते ही मिलेगा प्रवेश पत्र

परीक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही संबंधित संस्थान लंबित परीक्षा शुल्क जमा कर उसकी आरटीजीएस रसीद एडमिट कार्ड सेक्शन में प्रस्तुत करेंगे, छात्रों के प्रवेश पत्र तुरंत जारी कर दिए जाएंगे. प्रशासन ने संस्थानों को जल्द प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है.

दो महीने में परीक्षा कराने की तैयारी

विश्वविद्यालय इस बार शैक्षणिक सत्र को नियमित करने के लिए तेजी से काम कर रहा है. नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के करीब दो महीने बाद ही प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित की जा रही है. इसी कारण सभी कॉलेजों और विभागों को समय पर रिकॉर्ड जमा करने के निर्देश दिए गए थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >