Darbhanga News: सकतपुर थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा पंचायत के वार्ड संख्या-10 निवासी 27 वर्षीय युवक अजित सिंह की मुंबई में लोकल ट्रेन से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना की सूचना गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
लोकल ट्रेन से गिरकर हुआ था घायल
जानकारी के अनुसार, रामपुकार सिंह के पुत्र अजित सिंह मंगलवार को मुंबई के भयंदर इलाके में लोकल ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
सूचना मिलते ही गांव में छाया मातम
मुंबई में रहने वाले स्थानीय लोगों ने विभिन्न माध्यमों से घटना की जानकारी गांव के लोगों को दी. इसके बाद गांव में मातम पसर गया और लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचने लगे.
नौकरी करने मुंबई गया था युवक
स्थानीय वार्ड सदस्य संजय सिंह ने बताया कि अजित सिंह गांव में अकेले रहते थे और रोजगार के सिलसिले में मुंबई गए हुए थे. उनके पिता दिल्ली में रहते हैं और दूसरी शादी के बाद गांव से बाहर ही निवास करते हैं. अजित की असामयिक मौत से गांव में शोक का माहौल है.
