दरभंगा: सीएम से मिले गोपालजी ठाकुर, एयरपोर्ट-रिंग रोड समेत इन बड़ी योजनाओं को लेकर रखी मांग

दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर जिले की प्रमुख विकास योजनाओं पर चर्चा की. एयरपोर्ट, रिंग रोड, फोरलेन, एम्स और चीनी मिलों के संचालन जैसे अहम मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया. सांसद ने योजनाओं में आ रही भूमि, प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं को दूर करने का आग्रह किया.

Darbhanga News: दरभंगा. स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक गोपालजी ठाकुर ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. इस दौरान दरभंगा संसदीय क्षेत्र में चल रही प्रमुख विकास योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों और भूमि, प्रशासनिक व तकनीकी अड़चनों पर विस्तार से चर्चा हुई. सांसद ने दरभंगा एयरपोर्ट के नवंबर में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन की तैयारियों में तेजी लाने समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया.

सीएम के सामने एयरपोर्ट और रिंग रोड का मुद्दा उठाया

सांसद गोपालजी ठाकुर ने दरभंगा एयरपोर्ट की तैयारियों की समीक्षा करते हुए नवंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उद्घाटन को लेकर आवश्यक तैयारियां जल्द पूरी करने का आग्रह किया.

इसके अलावा दरभंगा रिंग रोड की प्रक्रिया तेज करने की मांग रखी. उन्होंने कुशेश्वरस्थान को पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट से जोड़ने वाले स्पर लिंक को भी जल्द आगे बढ़ाने पर जोर दिया.

फोरलेन और एलिवेटेड रोड की प्रक्रिया तेज करने की मांग

सांसद ने सुपौल-दरभंगा फोरलेन की प्रक्रिया में तेजी लाने का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने रखा. इसके साथ ही बेनीपुर और बिरौल में केंद्रीय विद्यालय तथा दरभंगा में एलिवेटेड रोड और लंबित रेलवे ओवरब्रिज से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा कराने का आग्रह किया.

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन और विकास को नई गति मिलेगी.

दरभंगा एम्स और चीनी मिल के पुनः संचालन पर जोर

गोपालजी ठाकुर ने दरभंगा एम्स से जुड़े कार्यों के साथ रैयाम और सकरी चीनी मिल के पुनः संचालन की दिशा में पहल करने का आग्रह किया.

इसके अलावा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर भी चर्चा की. उन्होंने खेल हब, ग्रामीण औद्योगिक विकास, नमो गार्डन और मखाना केंद्र जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाने की मांग रखी.

मैथिली और पर्यटन के विकास का मुद्दा भी उठाया

सांसद ने मैथिली को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिलाने और मिथिला पर्यटन सर्किट के विकास की दिशा में भी पहल करने का आग्रह किया.

उन्होंने उच्च शिक्षा, कौशल विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया. सांसद ने कहा कि दरभंगा का विकास बिहार ही नहीं, बल्कि देश के लिए भी एक मॉडल बन सकता है.

गांवों तक विकास पहुंचाने पर जोर

गोपालजी ठाकुर ने कहा कि बिहार में विकास को गांवों तक पहुंचाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है. उन्होंने दरभंगा संसदीय क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं से जुड़े लंबित मामलों को जल्द दूर करने की आवश्यकता बतायी.

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भूमि, प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनों के समाधान को लेकर भी चर्चा हुई.

यह भी पढ़ें: पेट दर्द हुआ तो इलाज के लिए अस्पताल पहुंची महिला, इलाज के दौरान चली गई जान, परिजनों ने उठाए सवाल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >