Darbhanga News: बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने विधानसभा के मानसून सत्र में बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र के गैस उपभोक्ताओं की समस्या को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से कहा कि नगर परिषद बने दो दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद यहां गैस बुकिंग की व्यवस्था अब भी ग्रामीण क्षेत्र की तरह 45 दिनों के अंतराल पर लागू है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह सुविधा 25 दिनों पर उपलब्ध है.
मंत्री ने स्वीकार की विसंगति
इस पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने स्वीकार किया कि पेट्रोलियम मंत्रालय के मैप प्लान में बेनीपुर अब भी ग्रामीण क्षेत्र के रूप में दर्ज है. इसी कारण यहां के उपभोक्ताओं को 45 दिनों के अंतराल पर गैस बुकिंग और आपूर्ति की सुविधा मिल रही है.
उन्होंने कहा कि इस विसंगति को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके.
उपभोक्ताओं में जगी उम्मीद
विधायक की पहल के बाद बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र के उपभोक्ताओं में जल्द ही 25 दिनों के अंतराल पर गैस बुकिंग और आपूर्ति की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है. इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने पर नगर के गैस उपभोक्ताओं के साथ-साथ भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया.
