ससुराल से कटहल लाने निकला था युवक, रास्ते में अज्ञात वाहन ने छीनी जिंदगी

दरभंगा में एनएच-527बी पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. यह युवक कटहल लाने अपने ससुराल जा रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया. इस घटना से परिवार में गहरा शोक है.

Darbhanga News: केवटी थाना क्षेत्र के पाराडीह चौक के समीप एनएच-527बी (दरभंगा-जयनगर मुख्य सड़क) पर सोमवार सुबह करीब पांच बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. मृतक की पहचान हनुमाननगर वार्ड संख्या-5 निवासी विनोद पंडित के 22 वर्षीय पुत्र कुशेश्वर पंडित के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार और ससुराल में मातम छा गया.

Kevati News: कटहल लाने जा रहा था युवक

परिजनों ने बताया कि कुशेश्वर पंडित राजमिस्त्री का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी ससुराल मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र के मधेपुर गांव में है. इस वर्ष वहां कटहल अधिक होने पर उनकी सास ने उन्हें कटहल ले जाने के लिए बुलाया था. सोमवार सुबह वह बाइक से ससुराल जा रहे थे. इसी दौरान पाराडीह चौक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसे का शिकार हो गए.

पत्नी और मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल

मृतक की पत्नी अंजनी देवी अपने एक वर्षीय पुत्र हिमांशु पंडित को गोद में लेकर लगातार विलाप करती रहीं. परिजनों की चीख-पुकार सुनकर गांव में शोक का माहौल बन गया. परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जिला भाजपा प्रवक्ता डॉ. विनोद कुमार सिंह भी पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना देने पहुंचे.

पुलिस ने शुरू की जांच

थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाना लाया गया है. अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटा रही है और मामले की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें: केवटी में सात सूत्री मांगों को लेकर एमएसयू का अनिश्चितकालीन अनशन शुरू, रैयाम चौक पर आंदोलन


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >