दरभंगा के हायाघाट से कमलेंद्र झा की रिपोर्ट
Hayaghat Wall Blast: पतोर थानाक्षेत्र के चंदनपट्टी पंचायत अंतर्गत चंचल नगर में मंगलवार सुबह साढे दस बजे के लगभग एक बड़ा हादसा हो गया.यहाँ एक विवादित जमीन पर चारदीवारी निर्माण कार्य के दौरान अचानक हुए जोरदार विस्फोट में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए.धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
एक मजदूर की आंख क्षतिग्रस्त,दूसरे की कलाई उड़ी
विस्फोट की चपेट में आने से घायल मजदूरों की पहचान रामबाबू पासवान (35 वर्ष) और कमलेश पासवान उर्फ भोला पासवान (32 वर्ष) के रूप में की गई है. स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका बेहद शक्तिशाली था. इस हादसे में रामबाबू पासवान की एक आंख पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और उनका चेहरा भी बुरी तरह झुलस गया है. वहीं दूसरे मजदूर कमलेश पासवान की कलाई क्षतिग्रस्त हो गई है और उसकी दो उंगलियां कटकर घटनास्थल पर ही गिर गईं. दोनों को तुरंत डीएमसीएच (DMCH) पहुंचाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है.
विवादित जमीन पर चल रहा था काम,जांच में जुटे डीआईजी और एसएसपी
जिस जमीन पर चारदीवारी का निर्माण कार्य चल रहा था,वह पहले से ही काफी विवादित बताई जा रही है. इस मामले को लेकर पतोर थाना में पूर्व से ही प्राथमिकी संख्या 44/26 दर्ज है. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है. फिलहाल घटनास्थल पर एपीएम थानाध्यक्ष संजीत कुमार,पतोर थानाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार के साथ डीएसपी राजीव कुमार और सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी कैंप कर रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी मनोज कुमार तिवारी और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी भी मौके पर पहुंच चुके हैं और एफएसएल की टीम के साथ गहन जांच की जा रही है.
