एलएनएमयू का बड़ा फैसला: परीक्षा के दौरान रील बनाने या फोटो खींचने पर सीधे रद्द होगा नामांकन

LNMU ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त नियम लागू किए हैं। अब परीक्षा हॉल में रील, वीडियो या फोटो बनाते पकड़े जाने पर छात्रों का नामांकन सीधे रद्द कर दिया जाएगा।

 LNMU Exam Rules: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) ने परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और संस्थान की छवि बनाए रखने के लिए एक बेहद कड़ा कदम उठाया है. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सभी अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों को एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया गया है. इसमें स्पष्ट कहा गया है कि परीक्षा के दौरान यदि कोई छात्र या छात्रा रील बनाता है, वीडियोग्राफी या फोटोग्राफी करता है और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करता है, तो इसे गंभीर अनुशासनहीनता के दायरे में माना जाएगा.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वालों की खैर नहीं

जारी आधिकारिक सूचना में साफ तौर पर कहा गया है कि परीक्षा हॉल या कॉलेज परिसर से ऐसी गतिविधियों को अंजाम देने से विश्वविद्यालय एवं संबंधित कॉलेज की प्रतिष्ठा पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. इसलिए, सभी कॉलेजों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा के दौरान पैनी नजर रखें. अगर कोई भी परीक्षार्थी ऐसी हरकत करते हुए पाया जाता है, तो कॉलेज तुरंत उसकी पहचान करें और उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करे.

तत्काल प्रभाव से काटा जाएगा छात्र-छात्राओं का नाम

विश्वविद्यालय के सख्त रुख का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोषी पाए जाने वाले विद्यार्थियों का नामांकन (Admission) तत्काल प्रभाव से रद्द करने का आदेश दिया गया है. यह कड़ा निर्देश अध्यक्ष, छात्र-कल्याण कार्यालय की ओर से सभी प्राचार्यों को भेजा गया है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी कॉलेजों को परीक्षा अवधि में विशेष सतर्कता बरतने तथा परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने को कहा है, ताकि किसी भी प्रकार की डिजिटल रिकॉर्डिंग पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके.

परीक्षा की निष्पक्षता और संस्थान की गरिमा सबसे ऊपर

विश्वविद्यालय का मानना है कि परीक्षा की निष्पक्षता और शैक्षणिक संस्थान की गरिमा बनाए रखने के लिए इस प्रकार की सख्त कार्रवाई बेहद आवश्यक है. सोशल मीडिया के दौर में छात्रों द्वारा परीक्षा हॉल से रील बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है. अब यदि कोई भी छात्र परीक्षा की मर्यादा को तार-तार करने की कोशिश करेगा, तो उसे अपनी पढ़ाई से हाथ धोना पड़ेगा.

ये भी पढ़ें:शिक्षकों के लिए नाट्यकला कार्यशाला, 27 जुलाई से डायट में मिलेगा विशेष प्रशिक्षण


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >