LNMU Foundation Day: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (लनामिवि) का 54वां स्थापना दिवस पांच अगस्त को विश्वविद्यालय परिसर स्थित जुबिली हॉल में मनाया जाएगा. समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी करेंगे.
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल
स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता बीएन मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के कुलपति प्रो. विमलेन्दु शेखर झा होंगे. वहीं बिहार सरकार के उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एनके अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित करेंगे.
सुबह 11 बजे से शुरू होंगे कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से होगी. इसके बाद सुबह 11:15 बजे जुबिली हॉल में अतिथियों का आगमन एवं आसन ग्रहण होगा.
सुबह 11:20 बजे दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा, जबकि 11:25 बजे राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, कुलगीत और बिहार गीत की प्रस्तुति होगी.
स्वागत भाषण और संबोधन
कुलसचिव डॉ. दिव्या रानी हंसदा सुबह 11:40 बजे स्वागत भाषण देंगी. इसके बाद विशिष्ट अतिथि प्रो. एनके अग्रवाल, मुख्य अतिथि प्रो. विमलेन्दु शेखर झा तथा कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी अपना संबोधन देंगे.
कार्यक्रम का समापन कुलानुशासक प्रो. विजय कुमार यादव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ होगा.
समारोह में शामिल होने की अपील
विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और पूर्ववर्ती छात्रों से स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: दरभंगा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग का रास्ता साफ, एयरलाइंस के शेड्यूल का इंतजार
