माधोपुर उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय के मिड-डे मील में कथित छिपकली मिलने से हड़कंप, एक दर्जन से अधिक बच्चे बीमार

माधोपुर के उत्क्रमित माध्यमिक उच्च विद्यालय में मिड-डे मील में कथित तौर पर छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया. भोजन के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. ग्रामीणों ने स्कूल और एनजीओ पर घटिया भोजन का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया.

Darbhanga News: बेनीपुर प्रखंड के माधोपुर उत्क्रमित माध्यमिक उच्च विद्यालय में बुधवार को मिड-डे मील में कथित तौर पर छिपकली मिलने के बाद हड़कंप मच गया. भोजन खाने के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. उपचार के बाद सभी बच्चों की हालत सामान्य बताई गई है.

विद्यालय और एनजीओ कार्यालय में ग्रामीणों का हंगामा

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और अभिभावकों में आक्रोश फैल गया. लोगों ने विद्यालय परिसर और भोजन उपलब्ध कराने वाली एनजीओ के कार्यालय में जमकर हंगामा किया.

ग्रामीणों ने संस्था पर घटिया एवं असुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने का आरोप लगाया. साथ ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार प्रभाकर पर भी भोजन की गुणवत्ता और वितरण की नियमित निगरानी नहीं करने का आरोप लगाया.

एक दर्जन से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ी

बीमार बच्चों में मेघा कुमारी, अंजली कुमारी, मनीषा कुमारी, गुरुदेव यादव, अमित कुमार, सत्यम कुमार, गोविंद कुमार, सोनू कुमार, मानस कुमार, मोनू कुमार, मोहम्मद चांद अली, मोहम्मद असगर अली, मोहम्मद नियाज, रिभा कुमारी और मोहम्मद अख्तर शामिल हैं.

सभी बच्चों का अनुमंडलीय अस्पताल में उपचार किया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई.

जांच के बाद होगी कार्रवाई

प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रूपेश कुमार राय ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की सूचना विलंब से मिली थी. उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी बच्चे अब स्वस्थ हैं.

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

गौरतलब है कि प्रखंड के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए एनजीओ के माध्यम से पका-पकाया मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाता है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Subodh narayan pa

Published by: Sarfaraz Ahmad

सुबोध नारायण पाठक पिछले 20 सालों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ये सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझते हैं और डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स व नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद करते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >