सिंहवाड़ा. सिमरी पुलिस ने गुरुवार की रात बनौली पंचायत के रही गाछी सुजराही पोखर के निकट गिट्टी लदे ट्रक के अंदर से 342 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है. साथ ही शराब अनलोडिंग कर रही स्कार्पियो, एक्सयूवी व चेवरलेट कार को भी जब्त कर लिया. गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस देर रात वहां पहुंची. हालांकि पुलिस के पहुंचने की आहट पाते ही अंधेरे का लाभ उठाकर ट्रक व तीनों वाहन के चालक समेत तस्कर फरार हो गये. थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जब्त वाहनों के ऑनर के सत्यापन के लिए डीटीओ को प्रतिवेदन भेज दिया है. साथ ही आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है. जानकारी के अनुसार पटना मद्य निषेध इकाई से प्राप्त सूचना के आलोक में शराब की बड़ी खेप ट्रक (बीआर 286-81464) से बनौली में खुदरा बिक्री के लिए अनलोडिंग किया जा रहा है. सत्यापन के लिए रात पौने तीन बजे पुलिस सुजराही पोखर के निकट पहुंची. पुलिस को देखते ही तस्कर समेत सभी वाहन के चालक-उपचालक फरार हो गये. पुलिस ने शराब समेत एक 14 चक्का ट्रक समेत फोर ह्वीलर को जब्त कर लिया. जब्त शराब में 180 एमएल की रोयाल कैरेज 93 कार्टन, 375 एमएल की 57 कार्टन व 750 एमएल की 99 कार्टन व नाइट क्वीन ब्रांड के 750 एमएल की 69 कार्टन व 375 एमएल की 24 कार्टन शामिल है. अभियान में सहायक दारोगा लक्ष्मण प्रसाद, पन्ना लाल, चौकीदार रणधीर सिंह के साथ पुलिस बल शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
