कस्तूरबा विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश, डीईओ करेंगे नियमित निरीक्षण

दरभंगा प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई. कस्तूरबा विद्यालयों की सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया. निजी विद्यालयों के निबंधन की जांच और आरटीई के तहत 25% सीटों पर नामांकन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.

Darbhanga News: प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: डीएमसीएच में दो एक्स-रे मशीनें खराब, एक मशीन के भरोसे चल रही जांच व्यवस्था

कस्तूरबा विद्यालयों की सुरक्षा को दी प्राथमिकता

बैठक में आयुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.

उन्होंने डीईओ को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने तथा चारदीवारी, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और अन्य सुरक्षा मानकों को हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही छात्राओं को सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने पर जोर दिया.

निजी विद्यालयों के निबंधन की होगी जांच

आयुक्त ने निजी विद्यालयों के निबंधन की स्थिति की जांच कराने और सभी विद्यालयों का विधिवत पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(सी) के तहत आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए निर्धारित 25 प्रतिशत सीटों पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने को कहा.

आधारभूत सुविधाएं हर हाल में रहें उपलब्ध

बैठक में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष जोर दिया गया. आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, बेंच-डेस्क, पंखे, स्मार्ट टीवी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध और कार्यशील रहें.

उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए विद्यालय परिसरों में जलजमाव से बचाव के लिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया.

उत्कृष्ट शिक्षकों को किया जाएगा सम्मानित

आयुक्त ने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों की पहचान कर उन्हें जिला स्तर पर सम्मानित किया जाए, ताकि अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिल सके.

बैठक में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की भी समीक्षा की गई और पात्र विद्यार्थियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.

आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा ने भूमिहीन विद्यालयों के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित कर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने को कहा.

बैठक में उप निदेशक (शिक्षा) असगर अली, सहायक निदेशक (योजना) प्रीति कुमारी तथा दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raj kumar ranjan

Published by: Sarfaraz Ahmad

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >