कस्तूरबा विद्यालयों की सुरक्षा पर आयुक्त सख्त, डीईओ को नियमित निरीक्षण के निर्देश

दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है. डीईओ को नियमित निरीक्षण और छात्रवृत्ति योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने को कहा गया.

Darbhanga News: प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) सहित शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.

कस्तूरबा विद्यालयों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक में आयुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने डीईओ को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने तथा चाहरदीवारी, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और अन्य सुरक्षा मानकों को हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा.

उन्होंने छात्राओं को सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने का भी निर्देश दिया.

निजी विद्यालयों के निबंधन और आरटीई पर जोर

आयुक्त ने निजी विद्यालयों के निबंधन की स्थिति की जांच कराने तथा सभी विद्यालयों का विधिवत निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

साथ ही शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(सी) के तहत आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए निर्धारित 25 प्रतिशत सीटों पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने को कहा.

आधारभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष जोर दिया गया. आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, बेंच-डेस्क, पंखे, स्मार्ट टीवी सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध एवं कार्यशील रहें.

उन्होंने जलजमाव की समस्या से बचाव के लिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को जिला स्तर पर सम्मानित करने की भी बात कही.

छात्रवृत्ति और भूमि उपलब्ध कराने की समीक्षा

बैठक में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की भी समीक्षा की गई. आयुक्त ने पात्र विद्यार्थियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

इस दौरान आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा ने भूमिहीन विद्यालयों के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित कर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा.

बैठक में उप निदेशक (शिक्षा) असगर अली, सहायक निदेशक (योजना) प्रीति कुमारी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raj kumar ranjan

Published by: Sarfaraz Ahmad

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >