Darbhanga News: दरभंगा. प्रयागराज में लगे महाकुंभ में अमृत स्नान के लिए उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दरभंगा जंक्शन पर प्रशासनिक चौकसी बढ़ायी जायेगी. श्रद्धालुओं के सहजता से आवागमन की व्यवस्था तथा भीड़ के कारण उत्पन्न होनेवाली अव्यवस्था पर नकेल कसने के लिए सिविल पुलिस के जवानों की भी तैनाती की जायेगी. यह निर्णय सोमवार को पूर्व मध्य रेल जीएम छत्रसाल सिंह के साथ प्रदेश के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा की वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक में लिया गया है. बताया जाता है कि क्राउड कंट्रोल को लेकर रेलवे के प्रबंधन की समीक्षा के दौरान पूर्व मध्य रेल के 26 स्टेशनों पर अतिरिक्त व्यवस्था की जायेगी, जिसमें दरभंगा जंक्शन भी शामिल है. इसके तहत रेल प्रशासन जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए लगातार संवाद करेगा. स्टेशन पर होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा जहां पर्याप्त रोशनी के साथ जरूरी यात्री सुविधा उपलब्ध रहेगी. ट्रेनों के आवागमन की जानकारी उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार प्रसारित की जाएगी. प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से प्लेटफॉर्म के मुख्य द्वार पर टिकटों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा. स्पेशल ट्रेनों का परिचालन नियमित ट्रेनों की तरह ही प्राथमिकता के आधार परिचालित की जाएगी. सनद रहे कि दरभंगा के अलावा आसपास के जिलों से नित्य हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज के लिए प्रस्थान कर रहे हैं. पिछले दिनों उग्र भीड़ ने प्रयागराज के रास्ते जा रही सुपरफास्ट ट्रेन में तोड़फोड़ की थी. इस नजरिए से यहां विशेष प्रबंध की जरूरत महसूस की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
