Darbhanga News: जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा-6 में नामांकन हेतु जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST)-2027 की अधिसूचना जारी कर दी गई है. इच्छुक छात्र-छात्राएं 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. चयन परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित होगी.
JNVST 2027: 31 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
आवेदन वही छात्र कर सकेंगे जो शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा-5 में अध्ययनरत हों. साथ ही संबंधित जिले के वास्तविक निवासी हों और उनकी जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां सहित) के बीच हो. कक्षा 3, 4 और 5 की नियमित पढ़ाई पूरी करना भी अनिवार्य होगा.
निःशुल्क मिलेगी आवासीय शिक्षा
जवाहर नवोदय विद्यालयों में चयनित विद्यार्थियों को आवासीय व्यवस्था के साथ निःशुल्क शिक्षा, भोजन, छात्रावास, पुस्तकें और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और निःशुल्क रखी गई है.
हेल्प डेस्क की भी मिलेगी सुविधा
अभिभावक मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर संबंधित जवाहर नवोदय विद्यालय के हेल्प डेस्क से सहायता प्राप्त की जा सकती है. चयनित विद्यार्थियों को प्रवेश के समय आयु, निवास, श्रेणी और अन्य आवश्यक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने होंगे.
यह भी पढ़ें: रुक-रुक कर हुई बारिश से धान की फसल में लौटी जान, खेतों में दिखी हरियाली
