Jale News: जाले नगर परिषद क्षेत्र में संचालित दो निजी नर्सिंग होम को शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया. यह कार्रवाई सिविल सर्जन के निर्देश पर अस्पताल प्रभारी डॉ. विवेकानंद झा के नेतृत्व में की गई. कार्रवाई के दौरान आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की गई.
दो निजी नर्सिंग होम पर हुई कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एचए समृद्धि हॉस्पिटल एवं अनिलम हेल्थ केयर को सील कर दिया. कार्रवाई में चिकित्सक डॉ. नीतीश भारद्वाज, स्वास्थ्य प्रबंधक लोकेश कुमार, स्वास्थ्यकर्मी, एएसआई राहुल कुमार तथा पुलिस बल भी मौजूद रहे.
कार्रवाई से लोगों की जुटी भीड़
अचानक हुई कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. इस दौरान क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं होती रहीं.
शिकायत की जांच के बाद उठाया गया कदम
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों का संचालन निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया. सूत्रों के अनुसार, इन निजी नर्सिंग होमों के विरुद्ध प्राप्त शिकायत की जांच रिपोर्ट 17 दिसंबर को सिविल सर्जन कार्यालय को प्राप्त हुई थी. उसी के आधार पर यह कार्रवाई की गई.
नोट: स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई नियमों के अनुपालन से संबंधित जांच के आधार पर की है. संबंधित संस्थानों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका.
