Jale Crime News: कतरौल-वसंत पंचायत के वार्ड पांच स्थित बसंत गांव में करीब 70 वर्षीया पवित्री देवी की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. शनिवार देर शाम को दरभंगा ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे मामले का जायजा लिया. उन्होंने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ भी की.
हत्या के कारणों और घटना में शामिल आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद ली. इससे पहले एसडीओ सदर टू ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था.
FSL और टेक्निकल टीम भी जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल के निर्देश पर अपर थानाध्यक्ष दीपशिखा और एसआई शिवजी कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे. इसके बाद फोरेंसिक साइंस लैब की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक सैंपल एकत्र किये.
वहीं, टेक्निकल टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ कई संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है.
2005 में पति की मौत के बाद अकेली रहती थीं पवित्री देवी
मृतका पवित्री देवी स्व. जीवछ राय की पत्नी थीं. वर्ष 2005 में पति की मौत के बाद वह घर पर ही रहती थीं. उनके दो पुत्र मिथलेश कुमार और अवधेश कुमार तथा एक पुत्री पुष्पा कुमारी है. दोनों पुत्र परिवार के साथ कई वर्षों से दिल्ली में रहकर रोजी-रोटी कमाते हैं, जबकि पुत्री की शादी औराई प्रखंड के बभनगामा गांव में हुई है.
ग्रामीणों के अनुसार, महिला के शरीर पर चाकू के कई वार के निशान मिले हैं. पेट और सीने के आसपास भी धारदार हथियार से हमला किये जाने की बात सामने आयी है.
रिश्तेदार ने सबसे पहले घर पहुंचकर देखा
मृतका की रिश्तेदार सीता देवी ने बताया कि वह सबसे पहले घर पहुंची थीं. उन्होंने पवित्री देवी को हिलाकर जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को बुलाया, तब महिला की हत्या की जानकारी हुई.
मृतका के घर के सामने रहने वाली मिठाई दुकानदार किशोरी यादव की पत्नी चिंता देवी के अनुसार, पवित्री देवी अकेले रहती थीं. उनके पुत्र समय-समय पर खर्च के लिए पैसे भेजते थे.
जन्माष्टमी मेला देखने गयी थीं महिला
ग्रामीणों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले पवित्री देवी वार्ड के लोगों के साथ खरका-बसंत में जन्माष्टमी मेला देखने गयी थीं. बताया गया कि वह अन्य लोगों के साथ मेला गयी थीं और मटका फोड़ कार्यक्रम देखने के लिए देर रात तक वहां रुकी रहीं.
अगले दिन सुबह घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुटी, जिसके बाद महिला की हत्या की जानकारी सामने आयी.
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द हत्या का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हत्या के कारणों और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढ़ें
ISRO EOS-05 मिशन में दरभंगा के वैज्ञानिक इम्तियाज अहमद की भूमिका, जिले का बढ़ा गौरव
