बाढ़ को लेकर दरभंगा प्रशासन की तैयारी, तटबंधों की निगरानी पर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने बाढ़ और सुखाड़ से निपटने की तैयारियों को लेकर जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ एक अहम बैठक की. इसमें तटबंधों की स्थिति, कटाव निरोधी कार्यों और राहत तैयारियों पर जोर दिया गया.

Darbhanga News: बाढ़ और सुखाड़ से निपटने की तैयारियों को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में जल संसाधन विभाग के अभियंताओं की प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक हुई. बैठक में तटबंधों की स्थिति, नदी कटाव, राहत तैयारी, आपदा प्रबंधन और अंतर-जिला समन्वय की समीक्षा की गई. आयुक्त ने तटबंधों की नियमित निगरानी के साथ संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने का निर्देश दिया.

48 घंटे में तटबंधों का निरीक्षण करने का निर्देश

बैठक में आयुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली. सभी अधीक्षण अभियंताओं को तटबंधों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया था. जिन अभियंताओं ने अब तक निरीक्षण नहीं किया है, उन्हें अगले 48 घंटे में सभी तटबंधों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने को कहा गया. आयुक्त ने स्पष्ट किया कि केवल एक बार निरीक्षण पर्याप्त नहीं है. सभी तटबंधों का प्रत्येक 15 दिन पर नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए.

संवेदनशील स्थलों पर सैंडबैग रखने का निर्देश

आयुक्त ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं. संवेदनशील और कटाव संभावित स्थानों की पहचान कर वहां पर्याप्त मात्रा में सैंडबैग सहित अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध रखी जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई की जा सके.

कटाव निरोधी कार्यों में तेजी का आदेश

बैठक में नदी कटाव की वर्तमान स्थिति और कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई. आयुक्त ने निर्देश दिया कि जहां कटाव की संभावना है, वहां तत्काल सुरक्षात्मक कार्य शुरू किए जाएं. साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया.

अंतर-जिला समन्वय पर भी जोर

बाढ़ की स्थिति में एक जिले से दूसरे जिले को संसाधन, मानवबल और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की समीक्षा की गई. आयुक्त ने जरूरत पड़ने पर त्वरित सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में संयुक्त आयुक्त सह सचिव मनोज कुमार, सहायक निदेशक योजना प्रीति कुमारी सहित दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: बीडीओ से मारपीट पर आक्रोश, विरोध में काली पट्टी बांधकर किया काम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >