Darbhanga News: दरभंगा. डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में मंडल कारा दरभंगा में बंदी दरबार का आयोजन किया गया. इसमें बंदियों ने अपनी एवं परिवार से संबंधित समस्याएं लिखित रूप में डीएम के समक्ष प्रस्तुत किये. डीएम ने बंदियों की समस्याओं का समाधान किया. इस दौरान शिक्षा एवं स्वरोजगार पर भी चर्चा की गयी. एनआइओएस के माध्यम से दसवीं एवं बारहवीं परीक्षा में सफल होने वाले बंदियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल दिया गया. एक बंदी ने उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए जेल में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की शाखा की स्थापना की मांग उठायी. डीएम ने मंडल कारा अधीक्षक को निर्देश दिया कि इसके लिये आवश्यक कार्यवाही करें.
सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन
इस अवसर पर महिला बंदियों के लिए डॉ भीमराव आंबेडकर योजना के तहत 30 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया. वहीं नाबार्ड के सहयोग से एवं उपहार अनमोल सेवा फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित 10 दिवसीय प्लंबिंग एवं स्वच्छता कार्य प्रशिक्षण के समापन पर प्रमाण पत्र वितरित किये गये.
बंदियों की हो नियमित स्वास्थ्य जांच
स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा की गयी. डीएम ने बंदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया. जेल में विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों का विस्तार करने का सुझाव दिया.
जेल में लघु उद्योग स्थापित करने का सुझाव
एक बंदी ने जेल में लघु उद्योग स्थापित करने का सुझाव दिया. इस पर डीएम ने आश्वासन दिया कि विभिन्न प्रकार के कौशल प्रशिक्षण आयोजित किए जायेंगे. लघु उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जायेगा. मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रंजन देव, एसडीपीओ अमित कुमार, मंडल कारा अधीक्षक स्नेह लता, चिकित्सा पदाधिकारी समेत सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
