Darbhanga News: अतिथि सहायक प्राध्यापक सेवा नियमितीकरण के लिए पटना में करेंगे आंदोलन

Darbhanga News:अतिथि सहायक प्राध्यापकों के कार्यकारिणी की बैठक संघ के अध्यक्ष डॉ बच्चा कुमार रजक की अध्यक्षता में रविवार को एमएलएसएम कॉलेज में हुई.

Darbhanga News: दरभंगा. बिहार राज्य विश्वविद्यालय अतिथि सहायक प्राध्यापक संघ की लनामिवि इकाई से जुड़े अतिथि सहायक प्राध्यापकों के कार्यकारिणी की बैठक संघ के अध्यक्ष डॉ बच्चा कुमार रजक की अध्यक्षता में रविवार को एमएलएसएम कॉलेज में हुई. इसमें डॉ रजक ने कहा कि हम अतिथि सहायक प्राध्यापक कई वर्षों से अपनी सेवा विश्वविद्यालय को दे रहे हैं. अतिथि सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति ठीक उसी प्रक्रिया के तहत की गयी है, जिस प्रक्रिया के तहत बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग से नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है. दोनों स्तर पर एक ही तरह की कमेटी बनाई गई थी. जब बहाली प्रक्रिया में कोई अंतर नहीं है, तो सात-आठ वर्षों से नियमित सेवा दे रहे अतिथि प्राध्यापकों का नियमितीकरण का पहला अधिकार है. उन्होंने कहा कि सरकार के दिशा-निर्देश के आलोक में विश्वविद्यालय के आदेश पर अतिथि सहायक प्राध्यापकों से कहीं भी दूसरा कोई भी काम नहीं करने का शपथ पत्र हर साल लिया जाता है. जब हमें दूसरा काम नहीं करने की अनिवार्यता है, तो ऐसी स्थिति में हमारी नौकरी का नियमितीकरण होना ही चाहिये. कहा कि अतिथि सहायक प्राध्यापकों के नियमितीकरण की मांग पर बिहार विधान परिषद के अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया था. कमेटी ने हम लोगों के पक्ष में रिपोर्ट शिक्षा मंत्री को सौंप भी दी है, लेकिन शिक्षा मंत्री की ओर से कोई पहल नहीं किये जाने पर अतिथि सहायक प्राध्यापकों के बीच एक डर सा बना हुआ है. इस बैठक के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से आग्रह किया गया कि मांगों पर अविलंब विचार कर अतिथि सहायक प्राध्यापकों की सेवा का नियमितीकरण किया जाए. अन्यथा मांगों को लेकर विधानसभा सत्र के दौरान सड़क से सदन तक घेरेंगे. सरकार मांगों को नहीं मानेगी तो पटना के सड़क पर अनिश्चितकालीन धरना पर बैठेंगे. बैठक में संघ के बेगूसराय जिला प्रभारी डॉ आसिफ अली, समस्तीपुर के डॉ उमाशंकर विद्यार्थी, दरभंगा के डॉ तारिकुर रहमान, मधुबनी के डॉ सोमनाथ पाठक सहित अशोक कुमार, डॉ सुजीत कुमार झा, डॉ माला कुमारी, डॉ सरिता कुमारी, डॉ जेबा परवीन, डॉ नफासत कमाली, डॉ ममता कुमारी, डॉ कन्हैया साह आदि ने सुझाव रखे. संचालन संगठन के महासचिव डॉ सुमन कुमार पोद्दार तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ दस्तगीर आलम ने किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >