Darbhanga News: हायाघाट. अशोक पेपर मिल पर बलहा चौक से कुछ पहले स्थित एक रेडीमेड सह किराना व्यवसायी व उनके चालक को हथियारबंद अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. घटना बुधवार की देर रात की है. दोनों को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया. व्यवसायी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया. सूचना मिलते ही एपीएम थाना की पुलिस वहां पहुंची. एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी व सिटी एसपी अशोक कुमार ने वहां पहुंचकर जांच की. घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. जख्मी व्यवसायी बलहा निवासी मनोज महथा का पुत्र अमित कुमार व चालक का नाम अशोक कुमार है. वह मल्हीपट्टी का रहने वाला है. अमित के छाती व अशोक के पैर में गोली लगी है.
दुकान का शटर उठाकर मार दी गोली
बताया जाता है कि सबसे पहले सभी बदमाश घटनास्थल के निकट एक ताड़ी की दुकान पर पहंचे. ताड़ी की दुकान का ताला तोड़कर जमकर ताड़ी पी. इसके बाद ताड़ी की दुकान के ठीक बगल में स्थित स्वर्णकार ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए उसका ताला व लॉकर तोड़कर लगभग दस हजार रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली. वहां के बाद सभी श्रवण महथा के किराना स्टोर्स का शटर तोड़ने लगे. इसी बीच खटखट की आवाज सुनकर बगल के कपड़ा दुकान में सोये व्यवसायी अमित कुमार, उसके भाई श्रवण महथा, चालक अशोक कुमार की नींद टूट गयी. चोरी की आशंका से सहमे उन्होंने 112 व एपीएम थाना की पुलिस को इसकी सूचना दी. इधर आवाज सुनकर सभी बदमाशों ने बगल के कपड़ा दुकान के शटर को बाहर से उठाने का प्रयास किया, लेकिन दुकान के अंदर मौजूद तीनों ने भीतर से शटर को दबाये रखा. दोनों तरफ से जोर आजमाइश होने लगी. हालांकि बदमाशों ने जैसे-तैसे शटर को थोड़ा उठाकर हाथ अंदर घुसाया और फायरिंग की दी. इसमें एक गोली ड्राइवर अशोक कुमार के पैर को घायल करते हुए कपड़ा व्यवसायी अमित कुमार के छाती में जा लगी. वहीं अमित का भाई श्रवण बाल-बाल बच गया. सूचना पर जबतक पुलिस पहुंचती, सभी बदमाश भाग निकले.एसएसपी ने वहां पहुंचकर की जांच
गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे. जख्मी अमित के पिता मनोज महथा से घटना के बाबत जानकारी ली. अगल- बगल के लोगों से भी पूछताछ की. आस-पास के सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला गया. वहीं एफएसएल व डीआइयू की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गयी.दस की संख्या में थे अपराधी
घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. बताया जाता है कि घटना में दस की संख्या में बदमाश शामिल थे. सभी अपने मुंह को गमछा से ढक रखे थे. घटना को अंजाम देने के बाद सभी भाग निकले.सिटी एसपी के नेतृत्व में टीम गठित
बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर सिटी एसपी अशोक कुमार प्रसाद के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है. उनके नेतृत्व में एफएसएल व डीआइयू की टीम लगातार जांच कर रही है. पुलिस अधिकारी जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की बात कह रहे हैं.नहीं मिला बम का अवशेष
घटनास्थल पर बमबारी की बात भी कहीं जा रही थी. बताया जा रहा था कि वहां अपराधियों ने बमबारी भी की. लोगों ने बम के धमाके भी सुने. हालांकि पुलिस बम धमाके की बात से इंकार कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल पर बम का कोई अवशेष नहीं मिला है. बगल में एक बारात आयी थी, जेसमें पटाखा छोड़ा जा रहा था. इस वजह से लोगों को लगा कि बमबारी की गयी है. एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. सिटी एसपी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है. दुकान के चोरी करने के प्रयास में बगल में साये लोगों के आवाज देने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी. जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
