Savarn Adhikar Rally: अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के बैनर तले रविवार को दरभंगा में सवर्ण अधिकार रैली निकाली गयी. संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में निकली रैली दरभंगा राज सर्वे कार्यालय परिसर से शुरू होकर विद्यापति चौक तक पहुंची. रैली में युवाओं, बुद्धिजीवियों समेत सैकड़ों लोगों ने भाग लिया.
शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा में बराबरी की मांग
रैली के दौरान अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि सवर्ण समाज को सरकारी, राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बराबरी नहीं मिल रही है. उन्होंने दावा किया कि 20 वर्षों के संघर्ष के बाद देश में सवर्ण क्रांति की शुरुआत हुई है.
संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सवर्ण समाज को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, वित्त, आवास और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में बराबरी का अवसर मिलना चाहिए.
आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग
रैली में करणी सेना के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सागर सिंह ने यूजीसी एक्ट हटाने और आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि आरक्षण का आधार आर्थिक स्थिति को बनाया जाना चाहिए.
रैली में चंद्र मोहन झा, प्रवीण कुमार सिंह, पप्पू चौधरी, रौशन श्रीवास्तव, गोविंद कुमार, छोटू कुमार, कन्हैया दूबे, अर्जुन सिंह, रंजन शर्मा, रितेश तिवारी समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
