Darbhanga News: सदर प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को प्रमुख उदय कुमार सहनी की अध्यक्षता में विदाई-सह-सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह में स्थानांतरित अंचलाधिकारी रंधीर कुमार को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि नवपदस्थापित अंचलाधिकारी निश्चल प्रेम का गर्मजोशी से स्वागत किया गया.
जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मान
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख, बीडीओ, जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड कर्मियों ने दोनों अधिकारियों को गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया.
प्रमुख उदय कुमार सहनी ने कहा कि रंधीर कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक दायित्वों का ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन किया. उन्होंने विश्वास जताया कि नए सीओ निश्चल प्रेम भी आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देंगे.
बेहतर समन्वय से आगे बढ़ेंगे विकास कार्य
बीडीओ रवि रंजन ने कहा कि रंधीर कुमार का कार्य व्यवहार सहयोगात्मक रहा, जिससे प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में काफी सुविधा मिली. उन्होंने नए अंचलाधिकारी का स्वागत करते हुए बेहतर समन्वय के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई.
प्रमुख प्रतिनिधि बलदेव राम ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाला प्रशासन ही विकास की मजबूत आधारशिला होता है.
