Darbhanga News: रेफर युवक की रास्ते में मौत पर भड़का परिजनों का गुस्सा, अस्पताल में की तोड़फोड़

Darbhanga News:सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराने पहुंचे युवक की डीएमसीएच रेफर करने पर ले जाने के क्रम में रास्ते में मौत हो गयी.

Darbhanga News: जाले. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराने पहुंचे युवक की डीएमसीएच रेफर करने पर ले जाने के क्रम में रास्ते में मौत हो गयी. इसे लेकर सोमवार को मृतक के परिजन शव लेकर सीएचसी के इमरजेंसी गेट पर रख दिया और हंगामा करने लगे. इस दौरान कुर्सी को पलटते हुए इमरजेंसी गेट का शीशा तोड़ दिया. लोगों का कहना था कि समुचित इलाज नहीं होने की वजह से मौत हुई. हंगामा करते हुए लोगों ने अस्पताल व थाना के बीच जाले-जोगियारा सड़क को जाम कर दिया. हंगामा होते देख तैनात चिकित्सक ओपीडी से हटकर छिप गये. कर्मी अस्पताल छोड़कर बाहर निकल गये. केवल प्रभारी अपने कक्ष में बैठे दिखे. लोगों का आरोप था कि चिकित्सक द्वारा इलाज करने के दौरान एक गलत सूई लगा दी गयी, जिससे उसकी मौत हो गयी. मृतक के पड़ोसी मो. वसी का पुत्र रजाकुल ने बताया कि मो. कयूम का 42 वर्षीय पुत्र अब्दुल गनी बांह में दर्द की शिकायत लेकर 14 सितंबर की रात 10 बजे सीएचसी पहुंचा था. उसके साथ पत्नी एवं छोटा भाई भी था. उसके रेफर किये जाने पर एम्बुलेंस कर्मी उसके छोटे भाई को वहीं छोड़कर बीमार युवक व उसकी पत्नी के साथ विदा हुआ. वहीं कमतौल में मरा हुआ बताकर वापस लाकर दरवाजा पर रख गया. इधर जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल सदल-बल अस्पताल पहुंचे. लोगों को समझाने-बुझाने लगे. उन्होंने घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर-टू शुभेन्द्र कुमार सुमन, कमतौल इंस्पेक्टर सुरेश राम वहां पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद सीओ वत्सांक की अध्यक्षता में मृतक के परिजनों से वार्ता हुई. परिजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 72 हजार रुपया अनुदान मिलने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया. इसके बाद संध्या पांच बजे जाम हटाया गया. अस्पताल में तैनात आयुष चिकित्सक डॉ अमरनाथ गुप्ता व अस्पताल प्रभारी डॉ विवेकानंद झा ने बताया कि देर रात युवक बायां सीना व बायां बांह में दर्द की शिकायत लेकर पसीना से लथपथ होकर आया था. प्रथम दृष्टया देखने से हृदयाघात प्रतीत हो रहा था. उसका प्राथमिक उपचार कर उसे डीएमसीएच रेफर करते हुए परिजन को यथाशीघ्र ले जाने को कहा गया. इसके बाद मृतक का छोटा भाई पैसे का इंतजाम करने के लिए घर की ओर निकला. इधर देरी होता देख अस्पताल कर्मियों के सहयोग से मरीज को एम्बुलेंस से डीएमसीएच रवाना किया गया. कमतौल पहुंचने पर इएनटी के अनुसार उसकी मौत हो गयी. वहां से एम्बुलेंस वापस लौटकर शव को उसके आवास तक पहुंचा दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRABHAT KUMAR

PRABHAT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >