दरभंगा के धनकुबेर BDO के घर EOU की छापेमारी, आवास, ऑफिस से लेकर ससुराल तक कार्रवाई

दरभंगा के केवटी बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है. पढ़ें पूरी खबर…

दरभंगा के केवटी से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Darbhanga News: केवटी प्रखंड के बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की.

आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने उनके छह अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की है. केवटी मुख्यालय परिसर के पीछे स्थित सरकारी आवास, दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित निजी आवास, मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित पैतृक घर तथा सीतामढ़ी स्थित ससुराल समेत अन्य स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है.

सरकारी आवास पर 6 घंटे चली छापेमारी

प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ चंद्र मोहन पासवान के सरकारी आवास पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की कार्रवाई बुधवार को लगातार साढ़े छह घंटे तक चली. सुबह करीब सात बजे शुरू हुई छापेमारी दोपहर करीब डेढ़ बजे समाप्त हुई, जिसके बाद जांच टीम वहां से लौट गई.

जानकारी के अनुसार छापेमारी में दो अधिकारियों के अलावा आधा दर्जन कर्मी और सुरक्षा बल के जवान शामिल थे. वहीं जिला से पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय थानाध्यक्ष सदन राम भी बाहरी सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे.

इससे पहले बीडीओ कार्यालय और सरकारी आवास पर अलग-अलग टीमों द्वारा समानांतर जांच की गई थी. दोनों स्थानों पर जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद टीम वापस लौट गई.

सरकारी आवास से छापामारी कर लौटती टीम

मीडिया से दूरी बनाए रखी

छापेमारी समाप्त होने के बाद लौट रही आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने स्थानीय मीडिया से किसी भी प्रकार की जानकारी साझा करने से इंकार कर दिया. अधिकारियों ने जांच से जुड़ी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की.

बीडीओ कार्यालय खोलकर शुरू हुई जांच

केवटी प्रखंड कार्यालय

केवटी प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के कार्यालय को खुलवाकर आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने जांच शुरू कर दी है. दो अधिकारी अपने कर्मियों के साथ कार्यालय के अंदर पहुंचे और विभिन्न कमरों में रखे पंजी, फाइलों तथा आलमारी की सघन जांच शुरू कर दी.

सुबह करीब साढ़े दस बजे प्रधान लिपिक के कार्यालय पहुंचने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर टीम ने दस्तावेजों की विस्तृत जांच शुरू की.

बीडीओ कार्यालय में दो घंटे चली जांच, कुछ दस्तावेज साथ ले गई टीम

केवटी प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित बीडीओ कार्यालय में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने बुधवार को करीब दो घंटे तक सघन जांच अभियान चलाया. कार्यालय में तलाशी की प्रक्रिया सुबह करीब साढ़े दस बजे शुरू हुई और दोपहर साढ़े बारह बजे समाप्त हुई.

जांच के दौरान टीम ने विभिन्न अभिलेखों, पंजी और कार्यालय से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की. टीम के सदस्य लौटते समय एक झोले में कुछ कागजात अपने साथ ले गए. हालांकि पूछे जाने पर अधिकारियों ने बताया कि कार्यालय से कोई विशेष सामग्री नहीं मिली है.

सरकारी आवास पर छापेमारी जारी

वहीं दूसरी टीम बीडीओ चंद्र मोहन पासवान के सरकारी आवास पर सुबह सात बजे से लगातार जांच कर रही है. आवास के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है.

सात महीने पहले केवटी में हुआ था ट्रांसफर

जानकारी के अनुसार बीडीओ चंद्र मोहन पासवान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड से स्थानांतरित होकर 3 अक्टूबर 2025 से केवटी प्रखंड में योगदान दे रहे थे. मामले को लेकर जांच एजेंसियां उनके वित्तीय दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं.

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप

बीडीओ चंद्रमोहन पासवान

बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सत्यापन के दौरान बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया.

प्रारंभिक जांच में उनके पास 89 लाख 13 हजार 500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 81.03 प्रतिशत अधिक बताई गई है.

डीएसपी राजन कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई

बताया जा रहा है कि आर्थिक अपराध इकाई के डीएसपी राजन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की कार्रवाई चल रही है.

केवटी मुख्यालय परिसर के पीछे स्थित सरकारी आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. सुरक्षा के बीच टीम दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच कर रही है.

ईओयू की अलग-अलग टीमें दरभंगा, मधुबनी और सीतामढ़ी में एक साथ कार्रवाई कर रही हैं.

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला

आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की ओर से जारी नई जानकारी के अनुसार, विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त सूचना के सत्यापन के बाद बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा के तहत आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 09/26 दर्ज किया गया है.

सूत्रों के अनुसार, विशेष न्यायालय निगरानी, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू की गई.

छापेमारी के दौरान टीम जमीन और निवेश से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य संपत्तियों से संबंधित अभिलेखों की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में कुछ अहम सुराग मिलने की भी बात सामने आ रही है. हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.

सूत्रों के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई लंबे समय से चंद्रमोहन पासवान की संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन पर नजर रख रही थी और सत्यापन के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >