ICDS Darbhanga Review Meeting: दरभंगा डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आईसीडीएस के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका के स्वीकृत पदों के विरुद्ध कार्यरत बल, पोषण ट्रैकर पर दर्ज लाभुकों और आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति समेत विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में सभी सीडीपीओ, प्रखंड समन्वयक और एलएस (लेडी सुपरवाइज़र) शामिल हुए.
Darbhanga News: आभा आईडी पंजीकरण में तेजी लाने के निर्देश
बैठक के दौरान डीएम ने पोषण ट्रैकर पर दर्ज आंकड़ों के अद्यतन एवं शुद्धता, पोषण संबंधी सेवाओं तथा लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति की जानकारी ली. समीक्षा में बताया गया कि आभा आईडी (ABHA ID) के तहत 0 से 6 वर्ष के बच्चों का पंजीकरण किया जाता है.किरतपुर परियोजना में बच्चों का पंजीकरण अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कर्मी घर-घर जाकर बच्चों की आभा आईडी बनाना सुनिश्चित करें तथा जिला स्तरीय कोऑर्डिनेटर इसकी प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं.
आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण और भूमि की समीक्षा
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि की उपलब्धता और चिन्हित भूमि की स्थिति की भी समीक्षा की गई. जिन केंद्रों के लिए अभी तक भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई है, वहां स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर शीघ्र भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए.इसके अलावा, डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण तथा लंबित एवं निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया.
मातृ वंदना और कन्या उत्थान योजना पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत लाभुकों के आच्छादन की स्थिति की समीक्षा करते हुए डीएम ने पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, बच्चों की उपस्थिति, पूरक पोषाहार, टीकाकरण, स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस तथा पूर्व-प्राथमिक शिक्षा जैसी अन्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई. एलएस और प्रखंड समन्वयकों को नियमित रूप से केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया.
लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
डीएम ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि आईसीडीएस योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसा पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी या कर्मी की जवाबदेही तय की जाएगी. इस बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, डीपीओ आईसीडीएस चांदनी सिंह और जिले के सभी प्रखंडों के सीडीपीओ मौजूद रहे.
