बंद घर में चोरी की कोशिश, नाबालिग के बाल काटकर फरार हुए बदमाश, गांव में दहशत

दरभंगा के बहादुरपुर में शिक्षक के घर में चोरी के प्रयास और नाबालिग बच्ची के बाल काटे जाने की घटना से सनसनी फैल गई है। एक सप्ताह के भीतर इसी तरह की दूसरी वारदात ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है।

Darbhanga News: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में एक सप्ताह के भीतर दूसरी सनसनीखेज वारदात सामने आई है. शिक्षक सुमन कुमार चौधरी के घर में चोरी की नीयत से घुसे बदमाश परिवार के जाग जाने पर भाग निकले. इस दौरान जाते-जाते घर में सो रही एक नाबालिग बच्ची के सिर के बाल चाकू से काट दिए. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.

Bahadurpur News: अलमारी तोड़ी, सामान बिखेरा, बाल काटकर फरार

जानकारी के अनुसार शिक्षक सुमन कुमार चौधरी का परिवार गुरुवार रात भोजन कर सो गया था. देर रात बदमाश घर में घुसकर अलमारी तोड़कर कीमती सामान की तलाश करने लगे. इसी बीच परिवार के सदस्यों की आहट मिलने पर बदमाश भागने लगे. आरोप है कि भागते समय उन्होंने घर में सो रही नाबालिग बच्ची के सिर के बाल काट दिए. बच्ची ने बताया कि बदमाश काले कपड़े पहने हुए थे और छत के रास्ते फरार हो गए.

एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और टेक्निकल टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना पर ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी, सिटी एसपी अशोक कुमार, एसडीपीओ राजीव कुमार, थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एफएसएल, टेक्निकल सेल और डॉग स्क्वॉड की टीम ने वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने जिस कमरे की अलमारी तोड़ी गई थी, उसे सील कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी.

एक सप्ताह पहले भी हुई थी ऐसी ही वारदात

ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी इसी गांव में डॉ. पवन कुमार मिश्रा के घर डकैती हुई थी. उस घटना में भी अपराधियों ने नशीला इंजेक्शन देकर महिला के बाल काट दिए थे और नकदी व लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए थे. दोनों घटनाओं में समान तरीका अपनाए जाने से एक ही गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है.

एसएसपी ने गठित की विशेष टीम

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि सिटी एसपी अशोक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है. टीम को दोनों घटनाओं की वैज्ञानिक तरीके से जांच करने तथा टेक्निकल सेल की मदद से संदिग्धों के मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >