दरभंगा: सिंहवाड़ा-सिमरी थाना क्षेत्र के भराठी स्थित वृहद आश्रय गृह से 14 वर्षीय बालिका लापता हो गयी. घटना को लेकर बाल गृह की अधीक्षिका कंचन झा के आवेदन पर सिमरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी है.
16 सितंबर को बाल गृह में हुई थी आवासित
बताया गया कि बालिका सरस्वती कुमारी को बाल कल्याण समिति, दरभंगा के आदेश पर 16 सितंबर को बाल गृह में आवासित कराया गया था.
20 सितंबर की रात करीब 2:35 बजे गिनती के दौरान एक बालिका कम पायी गयी. इसके बाद बाल गृह परिसर सहित वृहद आश्रय गृह के पूरे परिसर में खोजबीन की गयी, लेकिन लापता बालिका का कोई पता नहीं चला.
नेपाल के सप्तरी जिले की रहने वाली है बालिका
अधीक्षिका के अनुसार, लापता बालिका की उम्र 14 वर्ष है. वह नेपाल के सप्तरी जिले के मधवापुर गांव की रहने वाली बतायी गयी है.
घटना के समय बालिका ने हरे रंग की कुर्ती और क्रीम रंग की लेगिस पहन रखी थी. पुलिस ने बालिका की खोजबीन के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.
एसआइ शशि शंकर कुमार करेंगे मामले की जांच
सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआइ शशि शंकर कुमार को दी है. पुलिस बालिका के बारे में उपलब्ध जानकारी के आधार पर उसकी तलाश कर रही है.
यह भी पढ़ें
बहेड़ी की हर्षना कुमारी ने DU के शहीद भगत सिंह कॉलेज में जीता सेंट्रल काउंसलर-2 पद
