Darbhanga News: दरभंगा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत वासुदेवपुर गांव में गुरुवार की देर रात अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ चाकू चलाए, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घायल युवक की पहचान राम किशुन यादव के पुत्र विजय यादव के रूप में हुई है. वर्तमान में शहर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
स्कॉर्पियो से खींचकर अपराधियों ने गोदा चाकू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय यादव गुरुवार की रात करीब 11:30 बजे अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से वसैलामोड़ के आगे पुल के पास चल रहे मिट्टी भराई के काम को देखने गए थे. वह वहां पहुंचे ही थे कि अचानक बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने विजय को जबरन स्कॉर्पियो से बाहर खींच लिया और बिना कुछ कहे उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया. इस अचानक हुए हमले में विजय लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े.
निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, दो पर नामजद केस
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विजय यादव ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) ले गए. हालांकि, विजय की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया. शुक्रवार की सुबह घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस सह सदर थानाध्यक्ष केतन इंगोले पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल का हाल जाना.पीड़ित के बड़े भाई नौरत्न यादव ने बताया कि इस संबंध में सदर थाने में लिखित आवेदन दिया गया है, जिसमें दो स्थानीय लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
दरभंगा सदर से अशोक झा का रिपोर्ट
