Darbhanga News: केवटी में 14 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक प्रखंड सह अंचल भवन, विधायक ने किया शिलान्यास

Darbhanga News:दरभंगा के केवटी प्रखंड मुख्यालय में 14 करोड़ की लागत से बनने वाले प्रखंड सह अंचल भवन का शिलान्यास विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने किया. इस आधुनिक भवन से जनता को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिलेंगी.पढ़ें पूरी खबर…

Darbhanga News:दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड मुख्यालय परिसर में करीब 14 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का शिलान्यास स्थानीय भाजपा विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने शिलापट का फीता काटकर किया. इस नए आधुनिक भवन के निर्माण से स्थानीय जनता को अब अपने प्रशासनिक कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा.

एक ही छत के नीचे मिलेंगे सभी कार्यालय

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने कहा कि एनडीए सरकार जनता की सुविधाओं का पूरा ख्याल रख रही है. इस नए भवन के बनने से एक ही छत के नीचे प्रखंड और अंचल स्तर के सभी कार्यालय मौजूद रहेंगे, जिससे आम जनता को बड़ी सुविधा मिलेगी. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल में हमारी सरकार बनने से वहां की जनता अमन-चैन से रह पाएगी. साथ ही, बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की जा गई है.

लापरवाही पर नपेंगे अफसर, पंचायत स्तर पर ही होगा समस्याओं का समाधान

विधायक ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान अब पंचायत स्तर पर ही एक महीने के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा. तय समय सीमा में काम नहीं करने वाले लापरवाह पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस शिलान्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता गुड्डू मिश्र और मंच संचालन संतोष कुमार साहू ने किया. मौके पर डॉ. विनोद कुमार यादव, श्रवण कुमार मिश्रा, मनोज कुमार गुप्ता सहित दर्जनों एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे.

दरभंगा के केवटी से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >