Darbhanga News: दरभंगा में बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के राज्य पार्षद अरुण कुमार झा के नेतृत्व में विभिन्न कोटि के शिक्षकों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विशाल धरना प्रदर्शन किया.इस आंदोलन के दौरान शिक्षकों ने सरकार के सामने अपनी 12 सूत्री मांगों को प्रमुखता से उठाया.धरना के अंत में जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को एक विस्तृत ज्ञापन भी भेजा गया, जिसमें शिक्षक हित में जल्द कार्रवाई की मांग की गई.
पुरानी पेंशन और समय पर मूल्यांकन पारिश्रमिक की मांग
शिक्षक संघ ने वर्ष 2025-26 की माध्यमिक व इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन पारिश्रमिक का समय पर भुगतान करने और सभी शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग की.इसके साथ ही उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को दो पालियों में संचालित करने और सेवानिवृत्त शिक्षकों को उपदान सहित अन्य सेवानिवृत्ति लाभों का शीघ्र भुगतान करने की आवाज उठाई गई.
कंप्यूटर और संगीत शिक्षकों को मिले समान सुविधाएं
संघ ने वित्तरहित व अनुदानित शिक्षकों के वेतनमान, पेंशन और लंबित अनुदान का एकमुश्त भुगतान करने तथा इच्छुक शिक्षकों को गृह जिले में स्थानांतरण (तबादला) की सुविधा देने की मांग की.इसके अलावा कंप्यूटर शिक्षकों को सेवा के दौरान बीएड कराने, संगीत, ललितकला और उर्दू शिक्षकों को अन्य शिक्षकों के समान सुविधाएं देने, शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने और संस्कृत-मदरसा शिक्षकों के बकाये के भुगतान की मांग भी शामिल है.मौके पर उदय चंद्र मिश्र, अमरेंद्र चौधरी और राजन ठाकुर आदि मौजूद थे.
दरभंगा से सूरज कुमार की रिपोर्ट
