Darbhanga News: बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर आज दरभंगा जिले भर के दवा कारोबारियों ने अपनी दुकानें पूरी तरह से बंद रखी हैं. इस देशव्यापी और राज्यव्यापी आंदोलन के समर्थन में जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और स्थानीय दुकानदारों ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया. दवा दुकानें बंद रहने से सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों को जरूरी दवाएं खरीदने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-प्लेटफॉर्म के खिलाफ फूटा गुस्सा
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आंदोलन मुख्य रूप से ऑनलाइन दवा बिक्री, बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों की मनमानी तथा अनियमित दवा आपूर्ति व्यवस्था के विरोध में किया जा रहा है. दवा विक्रेताओं का आरोप है कि कई ई-प्लेटफॉर्म बिना किसी समुचित जांच-पड़ताल और डॉक्टर के पर्चे (प्रिस्क्रिप्शन) के दवाओं की धड़ल्ले से होम डिलीवरी कर रहे हैं. इससे न सिर्फ स्थानीय खुदरा व्यापारियों का रोजगार छिन रहा है, बल्कि गलत दवाओं के उपयोग से आम जनता के स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी काफी बढ़ गए हैं.
प्रीडेटरी प्राइसिंग पर रोक और पारदर्शिता की मांग
आंदोलनकारियों की मांग है कि दवा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री जनस्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा है, इसलिए सरकार को स्पष्ट नीति बनाकर अवैध ऑनलाइन दवा व्यापार पर तुरंत रोक लगानी चाहिए. दवा दुकानदारों ने फार्मेसी से जुड़े नियमों की सख्ती से समीक्षा करने, अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई करने, प्रीडेटरी प्राइसिंग (भारी डिस्काउंट) की व्यवस्था पर नियंत्रण लगाने तथा दवा कारोबार में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है.
दरभंगा से सूरज कुमार की रिपोर्ट
