दरभंगा के कुशेश्वरस्थान से संतोष पोद्दार की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पूर्वी थाना क्षेत्र में लेन-देन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. झाझा गांव में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
रुपए के विवाद में चली गोली
घायल युवक की पहचान झाझा गांव निवासी अर्जुन पोद्दार के 30 वर्षीय पुत्र मुकेश पोद्दार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि कुछ लोगों के साथ उनका पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी दौरान कहासुनी बढ़ी और मामला गोलीबारी तक पहुंच गया.
पजरे में लगी गोली, हालत गंभीर
आरोप है कि विवाद के दौरान बदमाशों ने मुकेश पोद्दार पर फायरिंग कर दी. गोली उनके पजरे में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए.
डीएमसीएच से पारस अस्पताल रेफर
प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दरभंगा डीएमसीएच रेफर कर दिया. परिजनों के मुताबिक फिलहाल उनका इलाज दरभंगा के पारस अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस कर रही छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना अध्यक्ष शुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और साक्ष्य जुटाने में लगी है.
आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द होने का दावा
थानाध्यक्ष ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी लेन-देन के विवाद से जुड़ा सामने आया है. घायल युवक ने कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
