दरभंगा के केवटी से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी. कोयला स्थान पंचायत के वार्ड नंबर-11 स्थित बेहटबारा गांव में बंद पड़े दो घरों का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लाखों की नकदी, गहने और कीमती सामान लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. पीड़ित परिवारों ने मामले की सूचना केवटी थाना पुलिस को दी है.
बताया जा रहा है कि जिन घरों में चोरी हुई, उनमें एक घर विधान पार्षद घनश्याम ठाकुर के बड़े पुत्र भवतोष ठाकुर का है. वहीं दूसरा घर उनके पड़ोसी जयप्रकाश ठाकुर का बताया जा रहा है. चोरों ने दोनों बंद घरों को निशाना बनाकर अंदर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया.
नकदी और गहनों पर चोरों का हाथ साफ
गृहस्वामियों के अनुसार, चोरों ने भवतोष ठाकुर के घर से करीब ढाई लाख रुपए नकद समेत सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान चुरा लिए. वहीं पड़ोसी जयप्रकाश ठाकुर के घर से भी लाखों रुपए मूल्य के सामान की चोरी हुई है. दोनों घरों से कुल मिलाकर करीब 10 लाख रुपए की संपत्ति चोरी होने की बात कही जा रही है.
22 मई से बंद था घर
पीड़ित परिवार ने बताया कि 22 मई को घर में ताला लगाकर सभी लोग बाहर गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने सुनसान घरों का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया. स्थानीय लोगों ने जब घर का टूटा ताला देखा, तब घटना की जानकारी सामने आई.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. केवटी थानाध्यक्ष सदन राम ने बताया कि आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस जल्द ही चोरों की पहचान कर मामले का खुलासा करेगी.
