दरभंगा: कमतौल में तेज आंधी और बारिश से बदला मौसम, घंटों गुल रही बिजली

Darbhanga News: कमतौल में सोमवार रात तेज आंधी और बारिश से मौसम सुहावना हो गया. कई जगह पेड़ों की डालियां टूटीं और एक टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया. बिजली आपूर्ति भी तीन घंटे बाधित रही, जबकि लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली. पढे़ं पूरी खबर…

दरभंगा के कमतौल से शिवेंद्र कुमार शर्मा की रिपोर्ट

Darbhanga News: दिनभर की भीषण गर्मी और उमस के बाद सोमवार रात कमतौल और आसपास के इलाकों में मौसम अचानक बदल गया. करीब पौने नौ बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई, जिससे लोगों को राहत मिली. हालांकि तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ों की डालियां टूटकर सड़क पर गिर गईं. कमतौल-भरबाड़ा सड़क पर खड़े एक टेंपो पर पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. मंगलवार सुबह लोगों ने सड़क किनारे टेंपो पर गिरे पेड़ को देखा तो हैरान रह गए. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

तेज आंधी से कई इलाकों में नुकसान

आंधी इतनी तेज थी कि कई जगह पेड़ों की शाखाएं टूट गईं. सड़क किनारे खड़े वाहन भी इसकी चपेट में आ गए. कमतौल-भरबाड़ा मार्ग पर टेंपो पर पेड़ गिरने से वाहन को काफी नुकसान पहुंचा. आंधी शुरू होते ही अहल्यास्थान पावर सब स्टेशन की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. इलाके में करीब तीन घंटे तक ब्लैकआउट की स्थिति रही. देर रात तक बिजली नहीं रहने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी. ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बहाल करने के लिए बिजलीकर्मी लगातार काम में जुटे रहे.

बाजारों और सड़कों पर दिखा असर

तेज बारिश और आंधी शुरू होते ही सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई. दुकानदार जल्दबाजी में अपना सामान समेटते नजर आए. वहीं कई राहगीर बारिश से बचने के लिए दुकानों और छज्जों के नीचे खड़े हो गए.

मौसम विभाग ने फिर जताई बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी इलाके में तेज हवा और हल्की बारिश हो सकती है. मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >