दरभंगा के जाले से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा के जाले प्रखंड में मौसम का बदला मिजाज किसानों की परेशानी बढ़ाने लगा है. 21 मई को हुई बारिश और उसके बाद लगातार छाए बादलों से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसान इसे खेती के लिए नुकसानदायक मान रहे हैं. किसानों का कहना है कि बेमौसम बारिश से फसल चक्र और खेती की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं.
गहरी जुताई का काम पड़ा प्रभावित
स्थानीय किसानों ने बताया कि इस समय खेतों की गहरी जुताई कर मिट्टी पलटने का काम किया जाता है. इससे खेतों में उगे खर-पतवार खत्म होते हैं और मिट्टी के अंदर मौजूद कीट भी बाहर निकल आते हैं. लेकिन लगातार नमी और बूंदाबांदी के कारण खेतों की मिट्टी नरम हो गई है, जिससे जुताई प्रभावित हो रही है.
मूंग की फसल को हुआ नुकसान
प्रगतिशील किसानों का कहना है कि मौसम में अचानक आए बदलाव का असर मूंग की फसल पर भी पड़ा है. खेतों में पानी और नमी बढ़ने से फसल को नुकसान पहुंच रहा है. किसानों को डर है कि अगर मौसम इसी तरह बना रहा तो आगे की खेती भी प्रभावित हो सकती है.
किसानों ने जताई चिंता
किसान प्रेम कुमार धीर, भोला प्रसाद सिंह, गोपीकृष्ण ठाकुर, धर्मेंद्र ठाकुर, राज सिंघानिया, विजय दास और राजा सहनी ने बताया कि खेती का पूरा चक्र मौसम पर निर्भर करता है. ऐसे में लगातार बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है.
