दरभंगा: मौसम ने बढ़ाई किसानों की चिंता, खेतों में भर गया बारिश का पानी

Darbhanga News: दरभंगा के जाले प्रखंड में लगातार बारिश और आंधी से जनजीवन प्रभावित हो गया है. खेतों में जलजमाव से किसान धान की नर्सरी नहीं लगा पा रहे हैं. बिजली कड़कने और खराब मौसम के कारण लोगों में डर और परेशानी बढ़ गई है. पढ़ें पूरी खबर…

दरभंगा के जाले से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट

Darbhanga News: दरभंगा के जाले प्रखंड में मौसम का मिजाज अचानक बदलने से आम लोगों के साथ किसानों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं. नौतपा के दौरान जहां तेज गर्मी पड़ने की उम्मीद थी, वहीं लगातार हो रही बारिश और आंधी ने पूरे इलाके का हाल बेहाल कर दिया है. खेतों से लेकर सड़कों तक पानी भर गया है और किसानों की खेती की तैयारी पर भी असर पड़ा है.

बारिश से खेतों में बढ़ी परेशानी

किसानों का कहना है कि खरीफ फसल की तैयारी को लेकर उन्होंने पहले ही खेतों की गहरी जुताई करवा दी थी. नौतपा में तेज धूप पड़ने से खरपतवार सूखने की उम्मीद थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया. इससे खेतों में दोबारा बड़ी मात्रा में खरपतवार उग आए हैं. अब किसानों को धान की नर्सरी लगाने से पहले अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी.

धान की नर्सरी लगाने में हो रही देरी

इलाके के कई किसानों ने बताया कि बारिश के चलते खेत पूरी तरह कदवा हो गए हैं. ऐसे में अब धान की नर्सरी लगाने के साथ खरपतवार नियंत्रण के लिए अलग से उपाय करना पड़ेगा. मौसम की बेरुखी से खेती का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया है और किसानों की चिंता बढ़ गई है.

बिजली कड़कने से लोगों में डर

लगातार बारिश और तेज बिजली कड़कने से लोगों में वज्रपात का डर बना हुआ है. कई जगहों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है, जिससे दिन में ही शाम जैसा माहौल नजर आ रहा है. दूसरी ओर, गांव और बाजारों में जलजमाव के कारण आवाजाही प्रभावित हो गई है. सड़कों पर पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. लगातार खराब मौसम ने पूरे इलाके का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >