दरभंगा के जाले से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा के जाले नगर परिषद में मंगलवार को सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. प्रखंड मुख्यालय स्थित सूचना एवं प्रौद्योगिकी भवन सभागार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव कराया गया. सदर एसडीओ विकास कुमार की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई.
सुबह से चला नामांकन का दौर
सशक्त स्थायी समिति के तीन पदों के लिए सुबह आठ बजे से दस बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चली. चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता सुरेश कुमार मौजूद रहे. कुल चार प्रत्याशियों ने अलग-अलग पदों के लिए नामांकन दाखिल किया.
दो सदस्य निर्विरोध चुने गए
सदस्य संख्या-1 पद के लिए वार्ड 10 के पार्षद मिर्जा वसीम बेग और सदस्य संख्या-3 पद के लिए वार्ड 12 के पार्षद कमलेश नायक ने नामांकन दाखिल किया. दोनों पदों पर कोई दूसरा उम्मीदवार नहीं होने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया.
सदस्य संख्या-2 के लिए हुआ मतदान
सदस्य संख्या-2 पद के लिए वार्ड छह के पार्षद प्रह्लाद दास और वार्ड नौ के पार्षद ई. इफ्तिखार के बीच मुकाबला हुआ. मतदान में प्रह्लाद दास को 13 वोट मिले, जबकि ई. इफ्तिखार को सात मत प्राप्त हुए. चार वोट अमान्य घोषित किए गए. इसके बाद प्रह्लाद दास को विजयी घोषित किया गया.
निर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सदर एसडीओ विकास कुमार ने तीनों निर्वाचित सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
