दरभंगा: जाले नगर परिषद में सफाई कर्मियों की हड़ताल, कचरे के ढेर से बजबजायी सड़कें

Darbhanga News: जाले नगर परिषद में पीएफ और ईएसआई राशि में हेराफेरी के खिलाफ सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. सड़कों पर कचरे का अंबार लगने से दुर्गंध फैल गई है, जिससे आम जनता परेशान है और नगर परिषद का कामकाज ठप है. पढ़ें पूरी खबर…

Darbhanga News: जाले नगर परिषद के दैनिक भोगी और सफाई कर्मचारियों के सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से पूरे नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. जाले बाजार समेत विभिन्न मुख्य सड़कों और वार्डों में कचरे का अंबार लग गया है. गीले कचरे का उठाव न होने के कारण जगह-जगह से उठ रही तेज दुर्गंध ने स्थानीय लोगों और राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है. इस हड़ताल का सीधा असर अब नगर परिषद कार्यालय के रोजमर्रा के कामकाज पर भी दिखने लगा है.

पीएफ और ईएसआई राशि में हेराफेरी का आरोप

दैनिक सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बैजू राम के नेतृत्व में करीब 40 कर्मियों के हस्ताक्षर वाला एक मांग पत्र कार्यपालक पदाधिकारी सुंदरम सानंद को सौंपा गया है. सफाई कर्मियों का आरोप है कि उनकी कार्य एजेंसी ‘लाभ रिसोर्सेज डेभलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा हर महीने मिलने वाली मजदूरी से पीएफ (PF) और ईएसआई (ESI) के नाम पर पैसे तो काटे गए, लेकिन उन्हें संबंधित खातों में जमा नहीं किया गया.

मांग पूरी होने तक कार्य बहिष्कार की चेतावनी

कर्मचारियों ने एजेंसी से दिसंबर 2024 से जून 2025 तक और मई 2026 तक काटी गई पूरी राशि को वापस करने की मांग की है. संघ के अध्यक्ष बैजू राम ने साफ तौर पर कहा है कि जब तक उनके हक की कटौती की गई राशि उनके खातों में वापस नहीं आ जाती, तब तक यह हड़ताल और कार्य बहिष्कार अनिश्चितकाल के लिए जारी रहेगा.

दरभंगा के जाले से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >